छह महीने बाद मकलोडगंज सैलानियों से गुलजार

हिमाचल के बार्डर खुलने से पंजाब और जे एंड के सहित आसपास के राज्यों के पहुंचे मेहमान

प्रदेश सरकार की ओर से बार्डर एरिया को पूरी तरह से खोल देने के चलते अब पर्यटन नगरी धर्मशाला में पर्यटकों की आमद शुरू हो गई है। कोरोना के खतरे के बावजूद आर्थिक हालात को देखते हुए लिए गए निर्णय के बाद होटल कोरोबारियों को राहत की उम्मीद जग्गी है। कोरोना और लॉकडाउन के चलते कई दिनों से घरों में कैद लोगों ने अब पहाड़ का रुख करना शुरू कर दिया है। इन दिनों ज्यादातर पर्यटक कपल्स कांगड़ा घाटी में पहुंचने लगे हैं।

इन कपल्स की संख्या पड़ोसी राज्य पंजाब से ज्यादा देखने को मिल रही है। मकलोडगंज में शनिवार को लंबे अंतरराल के बाद चहल-पहल दिखी। पर्यटकों की यहां के स्थानीय निवासियों और आम लोगों में खूब चर्चा रही। पिछले छह महीनों से कोरोनाकाल के चलते हिमाचल प्रदेश के बार्डर सील किए गए थे। खास तौर पर पर्यटकों के लिए इन्हें पूर्णतः बंद किया जा चुका था, जबकि सामान्य दिनों में ये बार्डर पर्यटकों के लिए हमेशा खुले रहते हैं। नतीजतन हर साल पर्यटन नगरी धर्मशाला में पर्यटन सीजन के दौरान लाखों की संख्या में सैलानी पहुंचते थे, लेकिन कोरोना ने इस बार हर पर्यटन सीजन को बुरी तरह से प्रभावित किया।