हिमाचल में पांच नई नगर पंचायतें और एक नगर परिषद, नगर निगम का क्या बनेगा, पढ़ें पूरी खबर

By: शकील कुरैशी, शिमला Sep 25th, 2020 6:44 pm

हिमाचल प्रदेश में आने वाले शहरी स्थानीय निकाय चुनाव से पहले शहरी विकास विभाग ने पांच नगर पंचायतों व एक नगर परिषद को अधिसूचित कर दिया है। इनको पुर्नगठित किया गया है जिसमें से सरकार की घोषणा के बाद कुछ पंचायतों को बाहर किया गया। ऐसे में नए सिरे से इनको अधिसूचित किया है जहां पर वार्ड बंदी व वोटर लिस्टों का काम किया जाएगा।

इनकी अधिसूचना जारी कर जानकारी राज्य चुनाव आयोग को भेज दी गई है।  जिनकी अधिसूचना शुक्रवार को विभाग ने जारी  की है उनमें ज्वाली नगर पंचायत को पुर्नगठित किया जाएगा जिसमें से दो पंचायतों को बाहर किया गया है। इसमें पहले साथ लगते ग्रामीण हलके भी शामिल किए गए थे लेकिन वहां के लोग इसका विरोध कर रहे थे। सरकार ने इस विरोध को देखते हुए उनको पंचायत में डालने का आदेश दिया था जिसपर इस पंचायत को पुर्नगठित करके नोटिफिकेशन जारी की गई है।

इसके साथ करसोग नगर पंचायत का भी पुर्नगठन किया गया है जिसको भी पहले से छोटा किया गया है। इसमें से भी कुछ ग्रामीण क्षेत्रों को बाहर करके पंचायत में डाला है जिसकी भी लोगों द्वारा मांग की जा रही थी।

वहीं नगर परिषद नेरचौक को भी छोटा किया गया है जिसको पुर्नगठित करने के लिए अधिसूचना जारी हुई है। इसके अलावा नई घोषित नगर पंचायतों में नेरवा, चिढ़गांव व कंडाघाट है जिनको पहले ही अधिसूचित कर दिया है वहीं अम्ब, निरमंड व आनी भी नई नगर पंचायतें बनी हैं।

इनके साथ प्रदेश में 55 से ज्यादा शहरी स्थानीय निकाय अब हो जाएंगे जिनके साथ प्रदेश में शहरों की संख्या भी अब बढ़ गई है। शहरी विकास विभाग द्वारा अधिसूचना जारी होने के साथ अब इन नई नगर पंचायतों में वार्ड बंदी व वोटर लिस्ट का काम शुरू होगा जिसके लिए  राज्य चुनाव आयोग ने निर्देश दे दिए हैं।  अभी शहरी विकास विभाग नई नगर निगमों की अधिसूचना भी जारी करेगा जिसका इंतजार हो रहा है।

राज्य में सोलन को नया नगर निगम बनाने को लेकर जनता से आपत्तियां व सुझाव  मांगे गए हैं जहां पर भी विरोध किया जा रहा है। इसके अलावा मंडी को नगर निगम बनाने का विचार है  वहीं पालमपुर की भी योजना है मगर इसे सिरे चढ़ाने में अभी समय लगेगा। नए नगर निगमों का चुनाव धर्मशाला नगर निगम के साथ  मार्च महीने में ही करवाने का विचार है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App