गगरेट अस्पताल में होंगे अल्ट्रासाउंड

By: स्टाफ रिपोर्टर। गगरेट Sep 23rd, 2020 12:50 am

नागरिक चिकित्सालय में विधायक राजेश ठाकुर ने किया उद्घाटन, नंगल जरियालां की प्रधान का किया अल्ट्रासाउंड

गगरेट-नागरिक चिकित्सालय गगरेट में अब मरीजों को अल्ट्रासाउंड की सुविधाएं भी मिलेंगी। मां चिंतपूर्णी मंदिर ट्रस्ट के सहयोग से अस्पताल में करीब साढ़े चौदह लाख रुपए की लागत से अल्ट्रासाउंड मशीन स्थापित कर दी गई है। विधायक राजेश ठाकुर ने मंगलवार को अस्पताल में स्थापित अल्ट्रासाउंड मशीन का विधिवत उद्घाटन कर इसे जनता को समर्पित किया।

अल्ट्रासाउंड मशीन पर पहला अल्ट्रासाउंड नंगल जरियालां गांव की प्रधान संतोष कुमारी का किया गया। नागरिक चिकित्सालय गगरेट में अल्ट्रासाउंड सुविधा न होने के चलते मरीजों को बाहर से मंहगे दाम पर अल्ट्रासाउंड करवाने पर विवश होना पड़ता था। विधायक राजेश ठाकुर ने उपायुक्त ऊना से बात कर अल्ट्रासाउंड मशीन के लिए मां चिंतपूर्णी मंदिर ट्रस्ट से बजट उपलब्ध करवाने की मांग की थी। इस पर बजट उपलब्ध होते ही स्वास्थ्य विभाग ने इस मशीन को खरीद कर अस्पताल परिसर में स्थापित किया है।

विधायक राजेश ठाकुर ने कहा कि पूर्व सरकार के कार्यकाल में यहां स्थापित एक्स-रे प्लांट भी खराब पड़ा था और लोगों को एक्स-रे भी मंहगे दाम पर बाहर से करवाने पड़ रहे थे। उन्होंने विधायक बनते ही एक्स-रे प्लांट की मर मत के लिए बजट का प्रबंधन किया और अब रेडियोग्राफर की भी यहां नियुक्ति करवा दी गई है। अब मरीजों को एक्सरे व अल्ट्रासाउंड सुविधा अस्पताल में सस्ते दाम पर उपलब्ध होगी। उन्होंने कहा कि अस्पताल के नए भवन के लिए करीब ग्यारह करोड़ सत्तर लाख रुपये का एस्टीमेट तैयार करवाया गया है और मुख्यमंत्री से इस भवन के लिए तत्काल बजट का प्रबंध करवाने को कहा जाएगा, ताकि भव्य अस्पताल भवन का निर्माण करवाया जा सके। 0खंड चिकित्सा अधिकारी डा. एसके वर्मा ने बताया कि प्रथम चरण में यहां हर बुधवार गर्भवती महिलाओं के अल्ट्रासाउंड किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि अस्पताल में बाल रोग विशेषज्ञ के साथ डाक्टरों के तमाम पद भरे हैं। जबकि पैरा मेडिकल स्टाफ के भी तमाम पद भरे हैं।

इस अवसर पर भाजपा मंडल अध्यक्ष सतपाल सिंह लोहारिया, प्रदेश भाजपा कार्यकारिणी सदस्य पंडित राम मूर्ति शर्मा, डा. श्याम वर्मा सहित कई गणमान्य मौजूद थे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App