भाजपा के दुष्प्रचार का दें मुंहतोड़ जवाब

By: कार्यालय संवाददाता—शिमला Sep 25th, 2020 12:01 am

शिमला पहुंचे कांग्रेस प्रभारी का कार्यकर्ताओं से आह्वान

ताजपोशी के बाद अखिल भारतीय कांग्रेस कार्यसमिति के सदस्य व कांग्रेस मामलों के नए प्रभारी राजीव शुक्ला गुरुवार को शिमला पहुंचे। उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों का आह्वान किया है कि वे एकजुटता के साथ भाजपा के दुष्प्रचार का मुंहतोड़ जवाब दें। एक तरफ कोविड-19 से लड़ने की चुनौती है, तो दूसरी तरफ देश की गिरती अर्थव्यवस्था है। उन्होंने कहा कि केंद्र की एनडीए नेतृत्व मोदी सरकार ने देश को बर्बादी की राह पर लाकर खड़ा कर दिया है। इसलिए कांग्रेस को देश की इन चुनोतियों से एकजुटता के साथ लड़ना है और देश को इस कुशासन से मुक्ति दिलानी है। राजीव शुक्ला ने कहा कि वह जल्द ही प्रदेश का दौरा करेंगे। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सबको साथ लेकर बेहतर काम कर रहे हैं। अब समय आ गया है कि सभी कांग्रेस जन मैदान में डट जाए और केंद्र की जनविरोधी नीतियों खिलाफ मोर्चा खोलते हुए लोगों को जागरूक करे।

 श्री शुक्ला ने कहा कि देश मे नोटबंदी हो या जीएसटी, इस निर्णय ने देश की अर्थव्यवस्था चोपट करके रख दी है। अब किसानों को भी नही बक्शा गया है। इससे पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने राजीव शुक्ला का स्वागत करते हुए कहा कि प्रदेश में कोविड-19 के चलते कांग्रेस ने पूरे तमनमन धन से लोगों की हरसंभव मदद की। उन्होंने कहा कि प्रदेश कांग्रेस पूरी मजबूती के साथ एकजुट होकर केंद्र व प्रदेश सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ लड़ रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश कांग्रेस अपना विपक्ष का दायित्व बड़ी मजबूती से निभा रही है। इससे पूर्व पार्टी के कई पदाधिकारियों ने विचार रखते हुए श्री शुक्ला को प्रदेश प्रभारी बनने पर बधाई दी। शुक्ला के यहां पंहुचने पर पार्टी पदाधिकारियों ने उनका परंपरागत रूप से स्वागत किया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App