हिमाचल पर्यटकों से गुलजार, बॉर्डर खुलते ही बैग पैक, छह महीने बाद दिखी रौनक

By: कार्यालय संवाददाता — शिमला Sep 20th, 2020 12:10 am

 शिमला-हिमाचल प्रदेश में पर्यटन कारोबार पटरी पर लौटने लगा है। छह महीने के लंबे अतंराल के बाद प्रदेश की सैरगाहें वीकेंड पर सैलानियों से गुलजार दिखीं। पर्यटकों के आने से पर्यटन कारोबारियों के चेहरे पर रौनक लौटने लगी है। बीते वीकेंड पर भी सैलानी प्रदेश की सैरगाहों में पहुचे थे, मगर बीते दिनों के दौरान पर्यटकों की संख्या कम ही आंकी गई थी। इस वीकेंड पर काफी संख्या में सैलानियों के आने से पर्यटन कारोबार में भी बढ़ोतरी रिकॉर्ड की गई है। वीकेंड पर कारोबार की बात की जाए, तो इसमें पहले के मुकाबले 25 से 30 फीसदी तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।

राजधानी शिमला के रिज, मालरोड सहित अन्य पर्यटक स्थलों पर सैलानियों को सुहावने मौसम का लुत्फ उठाते हुए देखा गया है। शिमला में वीकेंड सेलिब्रेशन के लिए सैलानियों की आमद शुक्रवार शाम के समय भी शुरू हो गई थी। शनिवार को भी काफी संख्या में सैलानी शिमला पहुंचे हैं। सैलानियों के शिमला पहुंचने से पर्यटक स्थालों पर दिन के समय खूब चहल-पहल रही। राजधानी के साथ-साथ राज्य के अन्य सैरगाहों में भी सैलानियों के पहुंचने की सूचना है। उल्लेखनीय है कि हिमाचल प्रदेश में पिछले छह माह से होटल बंद पड़े हैं, जिससे होटल कारोबारियों को आर्थिक नुकसान का सामाना करना पड़ा था। हालांकि बंदिशों में कुछ ढील मिलने के बाद प्रदेश की सैरगाहों में सैलानियों की आमद शुरू हो गई थी। अब राज्य के बॉर्डर पूरी तरह खोल दिए गए हैं। ऐसे में पड़ोसी राज्यों से सैलानी प्रदेश की सैरगाहों में पहुंचने लगे हैं।

कारोबार बढ़ने की उम्मीद

होटल इंडस्ट्री स्टैक होल्डर एसोसिएशन के अध्यक्ष महेंद्र सेठ ने कहा कि बॉर्डर खोलने से प्रदेश में पयर्टन कारोबार फिर से पटरी पर लौटने लगा है। वीकेंड पर काफी संख्या में सैलानी प्रदेश के पर्यटक स्थलों पर पहुंचे हैं। सैलानियों के उमड़ने से कारोबार में भी बीते दिनों के मुकाबले 25 से 30 प्रतिशत की बढ़ोतरी आई है। उन्होंने कहा कि आगामी दिनों के दौरान दुर्गा पूजा सीजन और त्योहारी सीजन आने वाला है। इस दौरान पर्यटन कारोबार के पूरी तरह से पटरी पर लौटने की संभावना जताई जा रही है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App