कानून को अच्छी तरह से पढ़े कांग्रेस

By: स्टाफ रिपोर्टर — शिमला Sep 29th, 2020 12:02 am

लोकसभा के बाद भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद सुरेश कश्यप अब मंडी संसदीय क्षेत्र के दौरे पर रहने वाले हैं। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष 29 सितंबर को आनी व करसोग मंडल की बैठक आनी में लेंगे। 30 सितंबर को रामपुर व निचार मंडल की बैठक झाकड़ी में होगी। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप ने कहा कि कांग्रेस पार्टी के प्रभारी राजीव शुक्ला हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस की वास्तविक परिस्थितियों को देख स्वयं घबरा गए हैं और पूरे समय वह अपने नेताओं की प्रतिष्ठा बचाने का प्रयास कर रहे थे। भाजपा को अपनी संगठनात्मक योजनाओं को धरातल पर उतारते हुए वर्षों लगे हैं, जिनका कांग्रेस भाजपा की नकल करने का नाकाम प्रयास कर रही है, वह कभी सफल नहीं हो पाएगी।

कांग्रेस के सभी नेता केवल हवाई योजनाएं बनाने में विश्वास रखते हैं और जनता को हमेशा झूठे सपने दिखाने में अग्रिम रहे हैं। कांग्रेस उसी कृषि बिल को लेकर धरना-प्रदर्शन कर रही है, जिसका उन्होंने अपने घोषणपत्र में उल्लेख किया था। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप राठौर बताएं कि किसान के लिए मंडियां या न्यूनतम समर्थन मूल्य कहां समाप्त हुआ है, कांग्रेस जनता को गुमराह करना बंद करें। कुलदीप राठौर विधि स्नातक हैं, वह कानून को अच्छे से पढ़ें और जनता को गुमराह न करें। आज एक बार फिर कांग्रेस पार्टी बिचौलियों के समर्थन में खड़ी है व इन बिलों के विरोध का अपना किसान विरोधी चेहरा जनता के सामने लाई है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App