महिलाओं को बताए अनीमिया के कारण और रोकथाम के उपाय

By: दिव्य हिमाचल ब्यूरो-कुल्लू Sep 30th, 2020 12:20 am

कोरोना काल में पोषण माह के दौरान जागरूकता शिविरों में संक्रमण से बचने हेतु बाल विकास परियोजना अधिकारी कुल्लू द्वारा वर्चुअल माध्यम से लाभार्थियों से जुड़ कर जागरूकता फैलाई जा रही है। इसी कड़ी में दिनांक 29.09.2020 को किशोरियों एवं महिलाओं में अनीमिया की पहचान व रोकथाम विषय पर एक वेबिनार का आयोजन किया गया। इस वेबिनार में वृत बजौरा की लगभग 60 किशोरियों, महिलाओं व आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। इस आयोजन में पर्यवेक्षक नरेश कौंडल ने अनीमिया के विभिन्न कारणों व रोकथाम के उपायों पर प्रकाश डाला।

उल्लेखनीय है कि पोषण अभियान में 15 से 49 वर्ष की महिलाओं में अनीमिया दर प्रतिवर्ष 3 प्रतिशत कम करने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं। बाल विकास परियोजना अधिकारी कुल्लू शिव सिंह वर्मा ने प्रतिभागियों से अनीमिया उन्मूलन हेतु हरी पत्तेदार सब्जियों को नियमित तौर पर अपने आहार में शामिल करने पर बल दिया। उन्होंने जानकारी दी कि पोषण अभियान में न्यूट्री गार्डन विकसित करने की दिशा में विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। कृषि विज्ञान केंद्र बजौरा द्वारा प्रदत बीजों से कुल्लू परियोजना के 45 आंगनबाड़ी केंद्रों में न्यूट्री गार्डन विकसित किए जा रहे हैं। किशोरियों को जंक फूड से बचने व नियमित तौर पर कृमि नाशन गोलियां लेने की सलाह भी दी गई। वेबिनार में प्रतिभागियों से कोरोना संक्रमण रोकने के लिए सामाजिक दूरी और मास्क के सही प्रयोग को अपनाने के लिए भी कहा गया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App