माता का बाग अब मंदिर ट्रस्ट का

By: जिला संवाददाता—कांगड़ा Sep 29th, 2020 12:20 am

एशियन डिवेलपमेंट बैंक से लिया अपने अधीन; पार्क में की होमगार्ड की तैनाती, लीज पर देने की तैयारी

कांगड़ा-माता के बाग में साढ़े तीन करोड़ रुपए की लागत से बने पार्क को  मंदिर ट्रस्ट कांगड़ा ने एशियन डिवेलपमेंट बैंक से अपने अधीन ले लिया है। मंदिर अधिकारी  विजय सांगा ने बताया कि सोमवार को  इस पार्क को मंदिर ट्रस्ट ने अपने अधीन ले लिया है। इसके लिए तमाम प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। उन्होंने बताया कि फिलहाल यहां होमगार्ड की तैनाती की जा रही है। उन्होंने बताया कि मंदिर प्रशासन  इस पार्क को लीज पर देने की तैयारी कर रहा है। ताकि  मंदिर के आय बढ़े और साथ ही धार्मिक पर्यटकों व आम नागरिकों को सुविधाएं मुहैया हों।

उल्लेखनीय है कि इस माता के बाग का उद्घाटन पिछले साल मुख्यमंत्री द्वारा कांगड़ा दौरे के दौरान किया जाना था पर एन मौके पर रद्द हो गया था। दीगर है कि इसका उद्घाटन न होने की वजह से  लोग इससे महरूम हो गए थे। उल्लेखनीय है कि तीन करोड़ 80 लाख रुपए की लागत से बने इस पार्क का निर्माण फरवरी 2019 में पूरा कर लिया गया है। बावजूद इसके अभी तक  यह पार्क कांगड़ा के नागरिकों और यहां आने वाले भक्तों के लिए खोला नहीं गया है। जानकारी के अनुसार एशियन डिवेलपमेंट बैंक करीब एक साल पहले ही इस पार्क को टेकओवर करने के लिए कांगड़ा प्रशासन से आग्रह कर चुका था, लेकिन  यह प्रक्रिया अब पूरी हुई। गौरतलब है कि एशियन डिवेलपमेंट बैंक द्वारा माता के बाग वाले स्थल पर बनाए गए पार्क का कार्य डेढ़ साल पहले ही मुकम्मल हो गया है, लेकिन इसका उद्घाटन नहीं हो पाया है। इस पार्क के चालू हो जाने से यहां धार्मिक पर्यटकों व स्थानीय लोगों  को सैर के लिए खुला स्थान मिलेगा  और साथ ही लोग फाउंटेन विद वाटर बॉडी का लुत्फ  भी लोग उठा पाएंगे।

इस गार्डन में तीन हट्स भी  बनाई गई हैं। इसके अलावा कैफेटेरिया भी बनाया गया है। आउटडोर-इंडोर मीटिंग एरिया भी यहां है तथा एम्प्टी थियेटर भी बनाया गया है। दो टायलट ब्लॉक भी लोगों की सुविधा के लिए यहां बनाए गए हैं। करीब आठ कनाल के भू-खंड पर 3.80 करोड़ की लागत से बने इस पार्क में रात को रोशनी की जगमगाहट भी होगी। दीगर है कि इस पार्क के चालू होने से एक लंबे अरसे के बाद धार्मिक  पर्यटक माता के बाग की तरफ आकर्षित होंगे। उल्लेखनीय है कि पार्क का निर्माण  कंप्लीट कर लिया गया है और यहां पहुंचने वाले मार्ग  को भी उसके अनुरूप बनाना होगा और साथ में इस पूरे रास्ते पर रोशनी की व्यवस्था भी करनी होगी  तभी उद्देश्य सार्थक होंगे। जाहिर तौर पर इस पार्क के चालू हो जाने से कांगड़ा में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App