PM Modi ने साधा निशाना, आजादी के बाद किसानों और श्रमिकों से सिर्फ खोखले नारे

By: एजेंसियां — नई दिल्ली Sep 25th, 2020 7:07 pm

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को कहा कि आजादी के बाद दशकों तक किसान और श्रमिकों के उत्थान के नाम पर देश और राज्यों में अनेक सरकारें बनीं, लेकिन उनकी समस्याओं का समाधान नहीं किया गया। श्री मोदी ने जनसंघ के स्थापकों में से एक पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती के अवसर पर वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि किसानों, मजदूरों और महिलाओं के उत्थान के नाम पर खोखले नारे दिए गए। उन्हें सिर्फ वादों और कानूनों में उलझा कर रखा गया।

एक ऐसा जाल, जिसको न तो किसान समझ पाता था और न ही श्रमिक। उन्होंने कहा कि आजादी के कई दशकों तक किसान और श्रमिक के नाम पर खूब नारे लगे, बड़े-बड़े घोषणापत्र लिखे गए, लेकिन समय की कसौटी ने सिद्ध कर दिया कि ये सारी बातें कितनी खोखली थीं। देश इन बातों को भली-भांति जानता है। प्रधानमंत्री ने कहा कि किसानों, श्रमिकों और महिलाओं की ही तरह छोटे-छोटे स्वरोजगार से जुड़े लोगों का एक बहुत बड़ा वर्ग ऐसा था, जिसकी सुध कभी नहीं ली गई। रेहड़ी पटरी और फेरी पर काम करने वाले लाखों लोग जो आत्मसम्मान के साथ अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं, उनके लिए भी सरकार ने पहली बार एक विशेष योजना बनाई है।

श्री मोदी ने कहा कि जो पहले के श्रमिक कानून थे वे देश की आधी आबादी महिला श्रमशक्ति के लिए काफी नहीं थे। अब नए कानूनों से बहन -बेटियों को समान मानदेय दिया गया है और उनकी ज्यादा भागीदारी को सुनिश्चित किया गया है। उन्होंने कहा कि जब-जब श्रमिकों ने आवा•ा उठाई तब-तब उनको कागज पर एक कानून दे दिया गया। आज जब देश को आत्मनिर्भर बनाने के लिए एक-एक देशवासी अथक परिश्रम कर रहा है, तब गरीबों, दलितों, वंचितों, युवाओं, महिलाओं, किसानों, आदिवासी और मजदूरों को उनका हक देने का ऐतिहासिक काम हुआ है। उन्होंने कहा कि किसानों से हमेशा झूठ बोलने वाले कुछ लोग अपने राजनीतिक स्वार्थ की वजह से उन्हें भ्रमित करने में लगे हैं। ये लोग अफवाहें फैला रहे हैं। किसानों को ऐसी किसी भी अफवाह से बचाना भाजपा कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है। श्री मोदी ने कहा कि हमें किसान के भविष्य को उज्ज्वल बनाना है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App