पांवटा की महिला ने देहरादून में तोड़ा दम

By: कार्यालय संवाददाता - पांवटा साहिब Sep 20th, 2020 7:34 am

कोरोना पीडि़त थी बद्रीपुर की 60 वर्षीय महिला, पांवटा में सुरक्षित तरीके से हुआ अंतिम संस्कार

पड़ोसी राज्य उत्तराखंड के देहरादून में प्रदेश की एक ओर महिला की कोरोना संक्रमण के कारण जान चली गई। महिला की उम्र 60 वर्ष थी और वह पांवटा साहिब के बद्रीपुर की रहने वाली थी। मृतक महिला का पांवटा साहिब में यमुना नदी के किनारे सुरक्षित तरीके से अंतिम संस्कार कर दिया गया है।

मिली जानकारी के मुताबिक पांवटा की एक ओर कोरोना पॉजिटिव महिला ने देहरादून के निजी अस्पताल में दम तोड़ दिया। मृतका के परिजनों से मिली जानकारी के मुताबिक 60 वर्षीय महिला को कोरोना संक्रमण के लक्षण लग रहे थे, जिसके चलते परिजन उन्हें उपचार के लिए देहरादून ले गए, जहां उनकी कोविड-19 टेस्ट में रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई थी। महिला पांवटा की ग्राम पंचायत बद्रीपुर से थी। उसका देहरादून के निजी अस्पताल में पिछले 15 दिनों से उपचार चल रहा था।

परिजनों का कहना है कि उपचार में लगभग 16 लाख रुपए खर्च कर भी पीडि़ता को नहीं बचा पाए। जिला स्वास्थ्य विभाग नाहन से संपर्क कर शव को पांवटा ले आए। पीडि़ता का पांवटा यमुना तट पर अंतिम संस्कार किया गया। गौर हो कि इससे पूर्व भी दो महिलाओं ने प्रदेश के बाहर कोरोना से दम तोड़ा है। इसमें एक महिला मोहाली तो एक की देहरादून में ही मौत हुई थी। उधर, बीएमओ राजपुर डा. अजय देओल ने पुष्टि करते हुए बताया कि महिला की कोरोना महामारी से मौत हो गई। उन्होंने कहा कि सही मानकों के साथ मृतका का अंतिम संस्कार किया गया है।

अवैध खनन पर वन विभाग ने कसा शिकंजा

शिलाई। वन विभाग की औचक छापामारी के दौरान वन विभाग ने अवैध खनन करते हुए दो ट्रैक्टर तथा एक यूटिलिटी को धर दबोचा, जिनसे मौके पर ही 29 हजार रुपए जुर्माना वसूल किया। वन विभाग की इस कार्रवाई से अब खनन माफिया में हड़कंप मच गया है। वन विभाग के सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार वन विभाग की टीम ने उत्तराखंड की सीमा पर जोंग पुल के समीप अवैध खनन करते दो ट्रैक्टर तथा एक यूटिलिटी को धर दबोचा। वन परिक्षेत्र अधिकारी कफोटा महेंद्र सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि  वन विभाग ने तत्त्काल कार्रवाई करते हुए दोनों ट्रैक्टर से सात-सात हजार तथा यूटिलिटी से 15 हजार रुपए जुर्माना वसूल किया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App