पूर्व रक्षा मंत्री Jaswant singh का निधन, 82 साल की उम्र में ली अंतिम सांस

By: एजेंसियां — नई दिल्ली Sep 27th, 2020 12:09 pm

नई दिल्ली — पूर्व रक्षा मंत्री जसंवत सिंह का रविवार सुबह निधन हो गया। वह 82 साल के थे और पिछले छह साल से कोमा में थे। भारतीय जनता पार्टी( भाजपा) के संस्थापकों में से एक श्री सिंह पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व वाली राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन ( राजग) सरकार के दौरान विभिन्न मंत्रालयों के कैबिनेट मंत्री रहे। उन्होंने 1996 से 2004 के दौरान रक्षा, विदेश और वित्त जैसे महत्त्वपूर्ण मंत्रालयों का जिम्मा संभाला।

वर्ष 2014 में भाजपा ने श्री सिंह को राजस्थान के बाड़मेर से लोकसभा चुनाव का टिकट नहीं दिया था। इसके बाद नाराज श्री सिंह ने पार्टी छोड़कर निर्दलीय चुनाव लड़ा मगर हार गए । उसी वर्ष उन्हें सिर में गंभीर चोटें आई, तब से वह कोमा में थे।

श्री सिंह ने पहले सेना में रहकर देश सेवा की और बाद में राजनीति का दामन थाम लिया था। श्री सिंह 1980 से 2014 तक सांसद रहे और इस दौरान उन्होंने संसद के दोनों सदनों का प्रतिनिधित्व किया। उनके पुत्र मानवेंद्र सिंह भी राजनीति में हैं।

मोदी ने जसवंत सिंह के निधन पर जताया शोक

नई दिल्ली — प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा ) के संस्थापक सदस्यों में से एक जसवंत सिंह के निधन पर गहरा शोक जताया है। श्री मोदी ने श्री सिंह के निधन पर संवेदना प्रकट करते हुए ट्वीट किया कि श्री जसवंत सिंह जी ने हमारे देश की सेवा पूरी लगन से की। पहले एक सैनिक के रूप में और बाद में राजनीति में आकर। श्री अटल जी की सरकार के दौरान उन्होंने महत्त्वपूर्ण विभागों को संभाला और वित्त, रक्षा और विदेश मंत्रालय का कार्यभार संभालते हुए दुनिया में एक मजबूत छाप छोड़ी। उनके निधन से दुखी हूं।

उन्होंने कहा कि जसवंत सिंह जी को राजनीति और समाज के मामलों पर उनके अनूठे दृष्टिकोण के लिए याद किया जाएगा। उन्होंने भाजपा को मजबूत बनाने में भी योगदान दिया। मैं उनके साथ हुई मुलाकातों को हमेशा याद रखूंगा। उनके परिवार और समर्थकों के प्रति हार्दिक संवेदना। ओम शांति।

प्रधानमंत्री ने कहा कि श्री मानवेंद्र सिंह से बात की और श्री जसवंत सिंह के दुर्भाग्यपूर्ण निधन पर शोक व्यक्त किया। अपने स्वभाव के अनुरूप जसवंत जी ने अपनी बीमारी का सामना पिछले छह वर्षों तक किया। उल्लेखनीय है श्री सिंह का दिल्ली स्थित सेना अस्पताल में आज 82 साल की उम्र में निधन हो गया। वह पिछले छह साल से कोमा में थे।

जसवंत सिंह के निधन पर कोविंद ने जताया शोक
नई दिल्ली — राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने पूर्व केंद्रीय मंत्री जसवंत सिंह के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। श्री कोविंद ने रविवार को ट्वीट करके कहा कि वयोवृद्ध सैनिक, उत्कृष्ट सांसद, असाधारण नेता एवं बुद्धिजीवी श्री जसवंत सिंह का निधन दुखद है। उन्होंने कई कठिन भूमिकाओं का निर्वहन सहजता और समानता के साथ किया। उन्होंने कहा कि उनके परिवार और दोस्तों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदनाएं।

जसवंत सिंह के निधन पर वेंकैया ने जताया शोक
नई दिल्ली — उप राष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू ने भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री जसवंत सिंह के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है और उन्हें कुशल सांसद और प्रशासक बताया है। श्री नायडू ने रविवार को एक ट्वीट करके कहा कि श्री सिंह वास्तविक जननायक थे। उन्होंने विभिन्न भूमिकाओं में राष्ट्र और समाज की सेवा की। सार्वजनिक जीवन में अपने मर्यादित व्यवहार के लिए उन्हें हमेशा याद रखा जाएगा।

श्री नायडू ने कहा कि वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री श्री जसवंत सिंह जी के निधन पर शोक व्यक्त करता हूं। वे वास्तव में जन नायक थे जिन्होंने विभिन्न भूमिकाओं में राष्ट्र की सेवा की। एक प्रबुद्ध सांसद, कुशल प्रशासक और सार्वजनिक जीवन में उनके मर्यादित आचरण के लिए उन्हें सदैव स्मरण किया जायेगा। शोक संतप्त परिजनों तथा मित्रों के प्रति हार्दिक संवेदना व्यक्त करता हूं। ओम शांति।

विष्णुदत्त शर्मा ने जसवंत सिंह के निधन पर शोक व्यक्त किया
भोपाल — मध्यप्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने पूर्व केंद्रीय मंत्री जसवंत सिंह के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए उनके प्रति श्रद्धांजलि अर्पित की है। श्री शर्मा ने ट्वीट के जरिए लिखा है भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री श्री जसवंत सिंह जी अब हमारे बीच नहीं रहे। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति दे एवं शोक संतप्त परिवार को इस दुख को सहने की शक्ति दे। ओम शांति। प्रदेश भाजपा के अन्य नेताओं और पदाधिकारियों ने भी श्री सिंह के निधन पर शोक व्यक्त किया है। जसवंत सिंह के निधन पर वेंकैया ने जताया शोक

शिवराज ने जसवंत सिंह के निधन पर शोक व्यक्त किया
भोपाल — मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पूर्व केंद्रीय मंत्री जसवंत सिंह के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए उनके प्रति श्रद्धांजलि अर्पित की है। श्री चौहान ने अपने शोक संदेश में कहा है कि श्री सिंह के रूप में देश ने एक सच्चे और समर्पित सेवक को खो दिया है। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और शोकसंतप्त परिजनों को यह गहन दुख सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की है।

श्री चौहान ने कहा कि श्री जसवंत सिंह ने एक सैनिक के रूप में मातृभूमि की सेवा करने के बाद रक्षा मंत्री, विदेश मंत्री और केंद्रीय वित्त मंत्री के रूप में देश की सेवा की। राज्य मंत्रिमंडल के सदस्यों ने भी श्री सिंह के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित की है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App