कांगड़ा में कोरोना से तीन मौतें

By: टीम-कांगड़ा, धर्मशाला Sep 27th, 2020 7:25 am

टीएमसी में दौलतपुर के बुजुर्ग और ऊना की दो महिलाओं ने हारी कोविड-19 से जंग

कांगड़ा जिला में शनिवार को तीन और कोविड संक्रमितों ने कोरोना से जंग हार दी है। 45 वर्षीय महिला, 70 वर्षीय बुजुर्ग व्यक्ति और 60 वर्षीय महिला की कोरोना से मौत हुई है। बुजुर्ग व्यक्ति कांगड़ा और दोनों महिलाएं ऊना जिला की निवासी थी। सीएमओ कांगड़ा डा. गुरदर्शन गुप्ता ने बताया कि दौलतपुर (कांगड़ा) का 70 वर्षीय यह बुजुर्ग कोरोना संक्रमित पाए जाने के बाद होम आईसोलेशन में था। तबीयत बिगड़ने पर शनिवार सुबह ही इसे टांडा मेडिकल कालेज लाया गया था व इसने थोड़ी देर बाद दम तोड़ दिया।

उन्होंने बताया कि यह बुजुर्ग टाइप-टू डायबिटिज आदि बीमारियों से भी पीडि़त था। इसके अलावा ऊना जिला के मंधवारा घनारी की कोरोना पॉजिटिव महिला (45) 21 सितंबर को रैफर होकर टांडा पहुंची थी। वह विभिन्न बीमारियों से पीडि़त थी व शनिवार सुबह करीब पौने छह बजे महिला ने दम तोड़ दिया। वहीं, ऊना जिला के घनारी की 60 वर्षीय कोरोना संक्रमित महिला को डीसीएचसी में 25 सितंबर को भर्ती करवाया गया था। महिला को सांस लेने में दिक्कत थी और टाइप-टू डायबिटिज रोग से भी पीडि़त थी। इस महिला ने शनिवार सुबह करीब दस बजे कोरोना से जंग हारी है। बता दें कि शनिवार दोपहतर तक कांगड़ा जिला में कोविड से तीन मौतें होने के अलावा कोरोना के 54 नए मामले भी सामने आए हैं।

इनमें भरमाड़ की 52 वर्षीय महिला, कांगू घेरा सरकाघाट (मंडी) का 70 वर्षीय बुजुर्ग व्यक्ति, नादौन (हमीरपुर) का 55 वर्षीय व्यक्ति, देहरा की 80 वर्षीय बुजुर्ग महिला, एमएच योल की 36 वर्षीय महिला और 30 वर्षीय युवक, बनोरी इंदौरा का 82 वर्षीय बुजुर्ग, सुक्कड़ नूरपुर का 62 वर्षीय व्यक्ति, बंगाणा(ऊना) का 55 वर्षीय व्यक्ति और दौलतपुर कांगड़ा का दस वर्षीय बच्चा कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। गौरतलब है कि कांगड़ा जिले में कोरोना का ग्राफ लगातार बढ़ रहा है। कोविड से हो रही मौतों ने लोगों में भय पनपने लगा है। स्वास्थ्य विभाग लोगों से सावधानी बरतने के साथ कोविड नियमों का पालन करने की अपील कर रहा है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App