सड़कों-पुल पर खर्च होंगे 200 करोड़

चिंतपूर्णी में विधायक बलबीर सिंह ने पत्रकारों से किया खुलासा, पेयजल योजना का काम भी युद्धस्तर पर

स्टाफ रिपोर्टर-अंब-चिंतपूर्णी विधानसभा क्षेत्र में सड़कों व पुल के निर्माण पर 200 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। यह बात शुक्रवार को विधायक बलबीर सिंह ने पत्रकारों को जानकारी देते हुए कही। उन्होंने कहा कि इसके साथ-साथ जलशक्ति विभाग के अंतर्गत हर घर को नल स्कीम के तहत चिंतपूर्णी विधानसभा क्षेत्र में 45 करोड़ रुपए की राशि स्वीकृत हो चुकी है तथा काम युद्ध स्तर पर चल रहा है। जनता की पेयजल समस्या का आने वाले समय में पूरी तरह से निराकरण किया जाएगा। पूरे विधानसभा क्षेत्र में विकास के कार्य युद्ध स्तर पर चल रहे है। उन्होंने कहा कि कांग्रेसी सत्ता के बिना हताश होकर बेतुकी बयानबाजी में मशगूल हो गए हैं। भाजपा लोगों की सेवा करने में विश्वास रखती है। कांग्रेस की तरह जनता को गुमराह करने का काम भाजपा ने कभी भी नहीं किया है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी को याद करना होगा की जनता की पानी की समस्या के समाधान हेतु आईपीएच विभाग का गठन प्रदेश में शांता कुमार के नेतृत्व वाली सरकार में हुआ था। 1990 की शांता सरकार में ही प्रदेश में हैंडपंप योजना आरंभ हुई थी। शांता कुमार जी पानी वाले मुख्यमंत्री रूप में प्रदेश में विख्यात हुए थे। देश में पूर्र्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी, प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना लेकर के आए थे। इस योजना के तहत तत्कालीन मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने बड़े पैमाने पर प्रदेश में सड़कों का विस्तार करवाया था। चिंतपूर्णी विधानसभा क्षेत्र में प्रवीण शर्मा के नेतृत्व में तब विकास की गंगा का प्रवाह हुआ था। प्रोफेसर प्रेम कुमार धूमल अपनी कार्यप्रणाली के बलबूते पर प्रदेश में सड़कों वाले मुख्यमंत्री के रूप में विख्यात हुए थे। विधायक बलबीर सिंह ने कहा कि देश में मोदी सरकार ने किसानों की बेहतरी के लिए जो तीन विधेयक संसद से पास करवाए हैं, वे पूरी तरह किसानों के हित में भी हैं तथा उनकी आमदनी बढ़ाने में भी कारगर सिद्ध होंगे। इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष कुलदीप सिंह, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य शंभू गोस्वामी, महामंत्री महेश मेहता, जयदेव खट्टा, पूर्व मंडल अध्यक्ष शाम मिन्हास व सूचना प्रौद्योगिकी संयोजक संजीव जसवाल आदि उपस्थित थे।