1.21 करोड़ के विकास कार्यों से बदली पांडवीं पंचायत की तस्वीर

By: स्टाफ रिपोर्टर, हमीरपुर Oct 30th, 2020 12:25 am

उपमंडल भोरंज की ग्राम पंचायत पाडंवी ने पांच साल में एक करोड़ 21 लाख रुपए से पंचायत की तस्वीर बदल डाली है। मनरेगा के तहत पंचायत में 80 जल भंडारण टैंक बनाए गए। जिससे कि बरसात के पानी का भी सदुपयोग हो रहा है। वहीं बकरी पालन को बढ़ावा देने के लिए 70 बकरी शैड सेंक्शन करवाए गए हैं, जिनमें से दो शैड का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। जबकि अन्य का कार्य आगामी समय में पूरा हो जाएगा। युवाओं के लिए दो खेल मैदान का निर्माण करवाया जा रहा है।

एक खेद मैदान लगभग बनकर तैयार हो गया है जबकि दूसरे का कार्य भी अंतिम चरण में चल रहा है।  पंचायत प्रतिनिधियों के प्रयासों से मनरेगा के तहत सबसे ज्यादा विकासात्मक कार्य करवाए गए हैं। इससे जहां मनरेगा मजदूरों को काम मिला, वहीं विकास कार्यों से पंचायत का नक्शा ही चेंज हो गया। पंचायत की जनसंख्या 3334 है तथा 2321 मतदाता हैं। पंचायत के तहत आने वाले नौ वार्डों में एक समान विकास करवाया गया है।

दरोंडला स्कूल के मैदान को खेल मैदान में तबदील किया गया है। इसके साथ ही झिंझकरी स्कूल के पास सार्वजनिक खेल मैदान का निर्माण कार्य चल रहा है। पंचायत ने क्षेत्र में दो वर्षाशालिकाओं का निर्माण भी करवाया है। इसके साथ ही दो सड़क मार्गों का निर्माण करीब दस लाख रुपए से करवाया गया है। अगर बात रास्तों की करें तो 25 रास्तों का निर्माण हो चुका है। पंचायत क्षेत्र में 40 सोलर लाइटें स्थापित की गई हैं। वर्तमान में पंचायत प्रधान की कमान कंचन ठाकुर ने संभाल रखी है। कचंन ठाकुर वर्तमान में महिला कांग्रेस ब्लॉक हमीरपुर की अध्यक्ष भी हैं।

पांच साल की उपलब्धियां

– मनरेगा के तहत बनवाए गए 80 जल भंडारण टैंक

– बकरी पालन को बढ़ावा देने के लिए बनवाए बकरी शैड

–  वार्डों के हरेक परिवार को पहुंचाई सुविधा

-पंचायत के अधिकारी क्षेत्र में बनाए जा रहे दो खेल मैदान

-40 सोलर लाइटों से जगमगा रही पंचायत की गलियां

युवाओं के लिए मैदान बनवाया

दरोंडला के दीप कुमार का कहना है कि पंचायत ने युवाओं के लिए खेल मैदान कर निर्माण करवाया है। खेलों से न सिर्फ युवाओं को स्वास्थ्य ठीक रहता है, बल्कि युवा नशे से भी दूर रहते हैं। खेल मैदान बनाकर पंचायत ने युवाओं के लिए बहुत बेहतर कार्य किया है। इसके साथ ही सोलर लाइटों की भी उचित व्यवस्था की गई है, ताकि रात के समय लोगों को आवागमन में दिक्कतें पेश न आ सकें।

जल भंडारण टैंक बनवाए

प्लासी गांव के रणजीत सिंह का कहना है कि पंचायत ने मनरेगा के तहत शानदार काम किया है। जल भंडारण टैंका का निर्माण करवाया गया है। जिससे कि बरसात के पानी का भी सदुपयोग हो पाएगा। इसके साथ ही पंचायत ने दो वर्षाशालिकाओं को निर्माण करवाया है। जरूरत पड़ने पर इनकी सुविधा लोगों को मिलेगी। कुल मिलाकर पंचायत ने अपने कार्यकाल में अब तक विकास कार्यों का तव्वजो दी है।

हर वार्ड में सड़क सुविधा

झिंझकरी के अजय ठाकुर का कहना है कि पंचायत ने हरेक वार्ड को सड़क सुविधा से जोड़ा है। इसके साथ ही वार्डों में पक्के रास्तों का निर्माण करवाया है। बावडि़यों का जीर्णोद्वार करवाना भी पंचायत की पाइपलाइन में है। फिलहाल पंचायत ने अपने कार्यकाल में बेहतर कार्य किया है। इसका नतीजा पंचायत में दिख रहे विकास कार्य हैं।

पंचायत के लोगों के सहयोग से करवाया समान विकास

प्रधान कंचन ठाकुर ने बताया कि पंचायतवासियों के सहयोग से यथासंभव विकास करवाया गया है। कुछ विकास कार्य अभी भी पाइपलाइन में हैं। इनमें शमशानघाट के रास्ते का निर्माण शामिल है। वहीं प्राकृतिक जल स्रोतों का जीर्णोद्धार करने का भी प्लान है। कुछ और विकास कार्य भी पाइलपलाइन में हैं, जिन्हें पूरा करने की प्रक्रिया अमल में लाई जा रही है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App