अब आई ‘हमारी पार्टी, हिमाचल पार्टी’ पूर्व सांसद राजन सुशांत ने किया तीसरे मोर्चे का गठन

By: कार्यालय संवाददाता - शिमला Oct 26th, 2020 12:08 am

शांता समेत कांगे्रस-भाजपा पर साधा निशाना

 शिमला-हिमाचल प्रदेश में तीसरे मोर्चा खड़ा हो गया है। पूर्व सांसद व प्रदेश के राजस्व मंत्री डा. राजन सुशांत ने ‘हमारी पार्टी, हिमाचल पार्टी’ का गठन किया है। पार्टी के गठन की घोषणा करते हुए डा. राजन सुशांत ने कहा कि उनकी पार्टी मुद्दों पर आधार्रित पार्टी है। जनता के मुद्दों को लेकर उनकी पार्टी विधान सभा चुनाव लडे़गी। पार्टी 68 विधान सभा क्षेत्र से अपने उम्मीदवार उतारेगी और प्रदेश की जनता को तीसरा विकल्प प्रदान करेगी। शिमला में पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए डा. राजन सुशांत ने कहा कि छह माह के भीतर पार्टी को मजबूत किया जाएगा। उनकी पहली लड़ाई न्यू पेंशन स्कीम के खिलाफ होगी। इसके बाद दूसरी लड़ाई सीमेंट के दामों पर होगी।

उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी हिमाचल की पार्टी होगी। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस व भाजपा को जमकर कोसा। राजन सुशांत ने कहा कि प्रदेश में महंगाई दिन-प्रतिदिन बढ़ती जा रही है। बेरोजगारी भी चरम पर है। नाम मात्र रिक्तियां निकाल कर बेरोजगारों से मजाक किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पार्टी को मजबूती देने के बाद अप्रैल माह से जनता के विभिन्न मुद्दों पर निर्णायक लड़ाई लडी जाएगी। राजन सुशांत ने कहा कि कर्ज लेकर घी पिया जा रहा है। लगातार कर्ज लेने से प्रदेश कर्ज के बोझ तले दबता जा रहा है। उनका आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस व भाजपा प्रदेश को लूटने का काम कर रहे हैं। राज्य सरकार दूसरे राज्यों से अपने अधिकार लेने में भी पूरी तरह से नाकाम रही है।  राजन सुशांत ने कहा कि उन्होंने अपनी सांसद व विधायक की पेंशन को छोड़ दिया है। उन्होंने कहा कि अन्य पूर्व मंत्रियों को भी अपनी पेंशन छोड़नी चाहिए। उन्होंने शांता कुमार का नाम न लेकर उन पर निशाना साधा है।  राजन सुशांत ने आरोप लगाते हुए कहा कि वह सिद्धांतों की बात करते हैं। सरकार को खाली चिठ्ठियां लिखते रहते हैं, मगर हिमाचल की दिक्कतों को उजागर नहीं करते हैं। अगर वह सच में ही सिद्धांतवादी हैं, तो उनको भी न्यू पेंशन स्कीम के सर्मथन में अपनी पेंशन छोड़नी चाहिए।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App