अभिनेत्री कंगना रणौत बोलीं, उद्धव भाई-भतीजावाद की सबसे खराब देन

By: दिव्य हिमाचल ब्यूरो, मुंबई Oct 28th, 2020 12:05 am

महाराष्ट्र के सीएम के हिमाचल में गांजे की खेती वाले बयान पर भड़की कंगना

बालीवुड अभिनेत्री कंगना रणौत ने एक बार फिर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे पर पलटवार किया है। महाराष्ट्र का बचाव करते हुए कंगना रणौत पर निशाना साधने के लिए उद्धव ठाकरे की ओर से हिमाचल प्रदेश को गांजे की खेती करने वाला राज्य बताने पर एक्ट्रेस ने पूछा कि उद्धव इस तरह क्यों व्यवहार करते हैं कि महाराष्ट्र उनका है।

कंगना ने हिमाचल प्रदेश को देवभूमि बताते हुए महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री को भाई-भतीजावाद की सबसे खराब देन और तुच्छ व्यक्ति कह डाला। रविवार को दशहरा भाषण के दौरान उद्धव ठाकरे ने कंगना रणौत या हिमाचल प्रदेश का नाम लिए बिना कहा कि कुछ लोग मुंबई रोजी-रोटी के लिए आते हैं और इसे पीओके बताकर गाली देते हैं। वे नहीं जानते हैं कि हम अपने घरों में तुलसी उगाते हैं, गांजा नहीं। गांजे के खेत आपके राज्य में हैं। आप जानते हो कहां, महाराष्ट्र में नहीं। कंगना ने ट्विटर पर जवाब देते हुए लिखा कि मुख्यमंत्री आप बहुत तुच्छ व्यक्ति हैं। हिमाचल को देव भूमि कहा जाता है।

यहां सबसे अधिक संख्या में मंदिर हैं और क्राइम रेट शून्य है। हां, यहां की जमीन बहुत उपजाऊ है। यहां सेब, कीवी, अनार और स्ट्रॉबेरी की उपज होती है, यहां कोई कुछ भी उगा सकता है। कंगना ने अगले ट्वीट में लिखा कि आप एक ऐसे नेता हैं, जिसका नजरिया एक ऐसे राज्य को लेकर तामसिक, अदूरदर्शी और कम जानकारी वाला है, जो भगवान शिव और मां पार्वती का निवास स्थान है। इसके अलावा कई महान संतों जैसे मार्कंडेय, मनु ऋषि और पांडवों ने निर्वासन का लंबा समय हिमाचल में बिताया। कंगना ने एक अन्य ट्वीट में तीखे शब्दों का इस्तेमाल करते हुए लिखा कि मुख्यमंत्री, आपको खुद पर शर्म आनी चाहिए। जनसेवक होने के बावजूद आप इस तरह के तुच्छ झगड़े में शामिल हैं। अपनी शक्ति का इस्तेमाल आपसे असहमत लोगों के अपमान और नुकसान के लिए कर रहे हैं। गंदी राजनीति खेलकर आपने जो कुर्सी हासिल की है, उसके लायक आप नहीं हैं। शर्म की बात है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App