बमसन में खर्च होंगे 35 लाख रुपए

By: निजी संवाददाता, टौणीदेवी Oct 27th, 2020 12:21 am

पंचायत समिति ने विकास कार्यों के लिए वार्डों को जारी किया पैसा

 टौणीदेवी-पंचायत समिति बमसन टौणीदेवी क्षेत्र के विकास कार्यों पर 15वें वित्तायोग के तहत 35 लाख रुपए की राशि को खर्च करेगी। इसके लिए विभिन्न वार्डों को विकास कार्यों के लिए राशि आबंटित कर दी गई है। सदस्य अब इसे विकास कार्यों के लिए जारी करेंगे। पंचायत समिति बमसन की बैठक समिति सभागार टौणीदेवी में अध्यक्ष सुभाष चंद की अध्यक्षता में आयोजित की गई। इसमें खंड विकास अधिकारी रमेश चंद के साथ ही अन्य ने भाग लिया। इस दौरान विकास कार्यों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक का संचालन समिति के सचिव व पंचायत निरीक्षक सुरेश धीमान ने किया। 15वें वित्तायोग की पहली बार समिति को 35 लाख रुपये की राशि मिली है, जिसमें समिति के सभी 23 सदस्यों को वितरित की गई। प्रत्येक सदस्य को आबादी के अनुसार राशि प्रदान की गई है। इसी राशि से पांच लाख रुपये सभी सदस्यों ने विकास खंड परिवार में बन रहे संसाधन केंद्र के लिए प्र्रदान किए, जिससे चुनाव के दौरान गणना में इस कक्ष की सुविधा मिल सके। इसके साथ ही सदस्यों ने कई अपने वार्ड की समस्याओं को रखा।

टौणीदेवी में लगभग एक करोड़ रुपये से बनने वाले बीडीसी के बहुउदेशीय भवन के कार्य में तेजी लाने पर भी चर्चा की गई। समिति के कार्यकाल में यह सबसे बड़ा प्रोजेक्ट क्षेत्र को दिया गया है। इसके लिए टौणीदेवी से पंचायत समिति सदस्य प्रेम लता ठाकुर ने समिति का आभार जताया कि उनके वार्ड में छत्रैल व चाहड़ गांवों की सीमा पर इसे बनाया जा रहा है। क्षेत्र के लोगों को इसका काभी लाभ होगा। पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल, पंचायत मंत्री वीरेंद्र कंवर, केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री अनुराग ठाकुर, जिला परिषद अध्यक्ष राकेश ठाकुर के प्रयासों से इसे गति मिली है। इसके लिए पंचायत समिति के अध्यक्ष सुभाष चंद व बीडीओ रमेश चंद के प्रयास भी कम नहीं है। इस दौरान अध्यक्ष सुभाष चंद ने सदस्यों को पांच वर्ष का बेहत्तर कार्यकाल पूरा करने के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि समिति के सदस्यों ने विकास कार्यों के लिए अब तक अपना पूरा सहयोग प्रदान किया है। बीडीओ रमेश चंद ने भी सदस्यों को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं प्रदान कीं। बैठक में उपाध्यक्ष त्रिशला देवी, सदस्य आशा, राकेश, माधुरी सहित कई अन्य लोग मौजूद रहे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App