सुनीता दुग्गल बोलीं, हरियाणा आना राहुल का मौलिक अधिकार, बशर्ते कानून हाथ में न लें

By: एजेंसियां - सिरसा Oct 4th, 2020 12:06 am

हरियाणा में सिरसा से भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) की लोकसभा सांसद सुनीता दुग्गल ने कहा है कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी का हरियाणा में आना उनका मौलिक अधिकार है बशर्ते कि वह कानून हाथ में न लें। श्रीमती दुग्गल ने आज यहां पत्रकारों से बातचीत के दौरान श्री गांधी के हरियाणा और पंजाब में कृषि सुधार कानून के विरोध में किसानों के आंदोलन के समर्थन में हरियाणा और पंजाब आने को लेकर किये गये सवाल पर यह प्रतिक्रिया व्यक्त की। उन्होंने हाथरस घटना को लेकर उत्तर प्रदेश की योगी सरकार द्वारा सम्बंधित पुलिस अधिकारियों के निलम्बन को सही समय पर उठाया गया कदम बताया। उन्होंने कहा कि इस घटना के दोषियाें को फांसी से कम सज़ा नहीं होनी चाहिये। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा अटल रोहतांग सुरंग राष्ट्र को समर्पित किये जाने पर देशवासियों को बधाई दी और कहा कि अब लेह और लद्दाख का देश के अन्य हिस्सों के साथ रास्ता सुगम होने के साथ ही इन क्षेत्रों में विकास की बयान बहेगी।

कृषि सुधार कानून को लेकर भाजपा नेता ने कहा कि शुरू में यह कांग्रेस ने ही की थी जो कि आज सस्ती राजनीति करने के लिये इसका विरोध कर रही है। डबवाली में कल उन्हें काले झंडे दिखाए जाने को लेकर उन्होंने कहा कि यह काम किसानों का नहीं बल्कि कांग्रेसियों का था। उन्होंने तीनों कृषि कानूनों की वकालत करते हुए कहा कि ये किसान और व्यापारी के हित में है तथा इसके लागू होने से किसान की आर्थिक स्थिति में सुधार होगा। उन्होंने कहा कि अब किसान अपनी फसल को देश में मंडी या इससे बाहर बेचने के लिए आजाद हैं। नये कृषि कानून के तहत बड़े उद्योग घरानों से समझौता कर किसान अपनी फसल का बढ़िया भाव ले सकते हैं। उन्होंने कहा कि किसानों को कृषि कानून के खिलाफ आंदोलन करने के वजाय इन्हें गौर से समझना चाहिए।

श्रीमती दुग्गल ने कहा भाजपा पहली सरकार है जो किसान की फसल न्यूनतम समर्थन मूल्य(एमएसपी) पर खरीद रही है अब से पहले की सरकारों ने किसान को एमएसपी के नाम पर गुमराह किया। उन्होंने भरोसा दिलाया कि हरियाणा में किसान की फसल का दाना दाना खरीदा जाएगा। उन्होंने बाजरा और अन्य फसलों की खरीद में बरती जा रही कोताही को लेकर भी जिला प्रशासन के अधिकारियों को निर्देश दिये। प्रधानमंत्री कृषि बीमा योजना का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि किसान को आज उसकी खराब हुई फसल का तुरंत मुआवजा मिलता है। किसानों को हाल ही में खराब हुई फसल के बदले तीन किस्तों में दो-दो हजार रुपए मिले हैं जबकि पिछली सरकारों में दो-दो रुपए मिलते थे।

उन्होंने किसानों से फसल चक्र अपनाने तथा परम्परागत फसलों के वजाय फल-सब्जी की फसल बोने का आहवान किया ताकि उनकी आर्थिक स्थिति और सुदृढ़ हो सके। डबवाली और कलांवाली में कल किसानों द्वारा दिखाए गए काले झंडे और सिरसा में कम समय रहने की खबर पर उन्होंने मीडिया पर बरसते हुये कहा कि तोड़ मरोड़ कर खबरें पेश करने वाले पत्रकारों के खिलाफ वह मुकदमा दर्ज कराएंगी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App