जूनियर आफिस असिस्टेंट समेत कई पदों के लिए मांगे हैं आवदेन
साइबर कैफे के चक्कर काट रहे युवाआें ने मांगी रियायत
हिमाचल प्रदेश कर्मचारी चयन आयोग के माध्यम से हो रही जूनियर आफिस असिस्टेंट (जेओए आईटी) के 1756 पदों की बड़ी भर्ती के लिए युवा आवेदन नहीं कर पा रहे। कारण साफ है कि आयोग की साइट इन दिनों हांफ गई है। कई बार प्रयास के उपरांत भी आवेदन नहीं हो पा रहा। इस कारण युवा असमंजस में हैं। वहीं, आवेदन करने की अंतिम तिथि 25 अक्तूबर 2020 रखी गई है। अगर बेवसाइट में आई दिक्कत समय रहते ठीक नहीं हुई, तो कई युवा आवेदन करने से वंचित रह सकते हैं।
युवाओं ने कर्मचारी चयन आयोग से आग्रह किया है कि आवेदन करने की तिथि को बढ़ाया जाए, ताकि इच्छुक युवा अप्लाई कर सकें। बता दें कि हिमाचल प्रदेश कर्मचारी चयन आयोग हमीरपुर जूनियर ऑफिस असिस्टेंट (आईटी) पोस्टकोड- 817 के तहत बड़ी भर्ती करने जा रहा है। पहले से विज्ञापित 1160 पदों में 596 और पद शामिल किए गए हैं। इससे पहले पोस्ट कोड के तहत 1160 पदों को भरने के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए थे। अब कुल मिलाकर पदों कि संख्या 1756 हो गई है। आयोग की तरफ से 596 पदों में सबसे अधिक पद हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड में भरे जाएंगे। इसके साथ ही अन्य विभागों में भी जूनियर ऑफिस असिस्टेंट के पद विभिन्न श्रेणियों में भरे जाने हैं। पदों की संख्या अधिक होने के कारण अब आवेदन करने वालों का आंकड़ा भी लगातार बढ़ रहा है। गुरुवार के दिन भी युवा साइबर कैफे में पहुंचकर आयोग की साइट पर आवेदन करने के लिए प्रयास करते रहे। विभाग की बेवसाइट में आवेदन की प्रक्रिया पूरी नहीं हो पा रही। जिस कारण इन्हें खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
युवाओं विवेक कुमार, अश्वनी कुमार, कृति, अंशिका, मनोज कुमार, विपिन कुमार, देवांश, आर्यन सहित अन्य ने बताया कि जेओए के पदों के लिए आवेदन नहीं हो पा रहा है। आयोग की बेवसाइट में कोई दिक्कत आ गई है। इस कारण आवेदन की प्रक्रिया पूरी नहीं हो रही। उन्होंने आयोग से मांग की है कि आवेदन करने की तिथि को बढ़ाया जाए, ताकि इच्छुक युवा इन पदों के लिए अप्लाई कर सकें।