सीएम ने निभाया वादा, पूरा हुआ छोटी काशी का सपना

By: दिव्य हिमाचल ब्यूरो-मंडी Oct 28th, 2020 12:28 am

कुछ ग्रामीण क्षेत्र नहीं होंगे शामिल; अधिसूचना का इंतजार, अधूरे विकास कार्यों को मिलेगी नई रफ्तार

मंडी-छोटी काशी मंडी को नगर निगम का तोहफा देकर प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने मंडी से किया अपना वादा निभा दिया है। लगभग 25 वर्षों से नगर निगम का सपना देख रही छोटी काशी मंडी के पंखों को अब आसमान मिला है। पूर्व कांग्रेस सरकार के समय स्मार्ट सिटी की रेस से बाहर हुई छोटी काशी को अब नगर निगम का तोहफा देकर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने अपने जिला के मुख्यालय के विकास के लिए नई नींव रख दी है। मंगलवार को प्रदेश सरकार द्वारा नगर परिषद मंडी को नगर निगम का दर्जा देने की मंत्रिमंडल की मुहर लगते ही नगर निगम बनाने को लेकर लगाए जा रहे कयास समाप्त हो गए हैं। हालांकि नगर निगम के किस प्रारूप को अंतिम रूप दिया गया है, यह सरकार की अधिसूचना के बाद ही साफ हो सकेगा, लेकिन सूत्रों के अनुसार ग्रामीण क्षेत्रों को शामिल करने को लेकर उठे जबरदस्त विरोध को देखते हुए सरकार ने कुछ गांवों को नगर निगम से बाहर जरूर कर दिया है। इसके बाद भी कई गांवों को नगर निगम में शामिल किया गया है। प्रारंभिक प्रारूप में सरकार ने 13 पंचायतों के 25 मुहाल को शामिल करने की बात कही थी, जिसके बाद इन सभी ग्रामीण क्षेंत्रों ने जबरदस्त विरोध कर दिया था।

इसे लेकर एक संघर्ष समिति भी आंदोलन कर रही है। वहीं, अब विरोध के बाबजूद नगर निगम में शामिल किए गए गांवों को सरकार व प्रशासन कैसे इसके लिए राजी करता है, यह चुनौतीपूर्ण रहेगा। वार्डों का गठन, नगर परिषद के वार्डों का परिसीमन करना व साथ लगते क्षेत्रों का साथ में समावेश करते हुए उनमें संतुलन बनाना अब एक बड़ा काम होगा। प्रशासन के लिए यह बड़ी कसरत का विषय रहेगा। बता दें कि इस समय भी बल्ह, दं्रग व सदर विधानसभा के शहर के साथ लगते गांवों में नगर निगम का सबसे अधिक विरोध है। गांवों को नगर निगम में शामिल करने को लेकर विधायक भी विरोध कर चुके हैं। सदर से भाजपा विधायक अनिल शर्मा भी ग्रामीण क्षेत्रों को शामिल करने को लेकर विरोध जताते हुए मु यमंत्री को मंडी को स्मार्ट सिटी बनाने की चुनौती दे चुके हैं। जबकि अब मंत्रीमंडल ने सारे विरोध को दरकिनार कर नगर निगम के गठन पर मुहर लगा दी है। जिसके बाद अब नगर निगम का स्वरूप अलग तरह का होगा क्योंकि पहले तो मंडी नगर परिषद केवल मंडी सदर विधानसभा क्षेत्र का ही एक भाग था, मगर अब इसमें मंडी सदर के अलावा बल्ह के ओटा, गुटकर, चक्कर चलाह, बगला दौंधी, बैहना, भडयाल, चंडयाल व दं्रग के तहत आने वाले भियूली, बिजनी आदि भी इसमें आएंगे। ऐसे में तीन विधायकों का हस्तक्षेप यहां पर हो जाएगा।

मंडी शहर के 13 वार्डों में से तीन या चार वार्ड आबादी के मापदंड के चलते कम हो जाएंगे। एक वार्ड के लिए कम से कम 2500 की आबादी होनी चाहिए। ऐसे में नगर निगम में 15 से 17 वार्ड हो सकते हैं। इधर, मंडी नगर परिषद की अध्यक्ष सुमन ठाकुर व सभी पार्षदों ने नगर निगम की घोषणा के एलान का स्वागत करते हुए इसे जयराम ठाकुर का त्यौहारी सीजन का मंडी वासियों के लिए एक बड़ा तोहफा करार दिया है। इसके साथ ही उ मीदवार भी आगे आने लगे हैं। आने वाले दिनों में चुनावी मैदान में उतरने की चाह रखने वाले चेहरे सामने आने लगेंगे। सबसे अधिक रोचकता व जिज्ञासा वार्डों के गठन को लेकर रहेगी। उसके बाद आरक्षण के रोस्टर पर भी बहुत कुछ निर्भर करेगा।

मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को कहा थैंक्स

मंडी। मंडी नगर परिषद को नगर निगम का दर्जा दिए जाने पर नगर परिषद मंडी की अध्यक्ष सुमन ठाकुर तथा समस्त पार्षदों ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर एवं शहरी विकास मंडी सुरेश भारद्वाज का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि मंडी को नगर निगम बनाए जाने को लेकर यहां के लोगों की वर्षों पुरानी मांग थी, जिसे मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने पूरा कर दिया है तथा यहां के लोगों को बहुत शानदार तोहफा दिया है। नगर परिषद अध्यक्ष ने कहा कि मंडी जिला से ताल्लुक रखने वाले मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को यहां की जनता का नगर निगम दिए जाने का बहुत बड़ा तोहफा है। इसके लिए समस्त जनता उनकी आभारी है।

बदल जाएगा कई वार्डों का इतिहास

नगर निगम की शर्तों के तहत एक वार्ड में कम से कम अढ़ाई हजार की आबादी की शर्त की वजह से अब शहर के कुछ वार्डों का इतिहास बदल जाएगा, जबकि कई वार्डों की सीमाओं में बदलाव होगा। जानकारी के अनुसार लोहर समखेतर व समखेतर को मिला कर एक वार्ड बनेगा। भगवान व मंगवान मोहल्ला को बना कर एक एक वार्ड बनेगा। थनेहड़ा मोहल्ला वार्ड टारना, मंगवाई व भगवान मोहल्ला वार्ड में बंट जाएगा। पैलैस कालोनी वार्ड में बाड़ी घुमाणू ग्रामीण क्षेत्र आएगा। पैलेस का कुछ हिस्सा जेल रोड और पुरानी मंडी का नए यूली वार्ड व नए प्रस्तावित छिपणू वार्ड में जाएगा। इसी तरह कुछ अन्य वार्ड की सीमाओं में भी परिवर्तन आएगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App