दालों में महंगाई का तड़का…रुलाने लगा तेल

By: राजकुमार सेन—घुमारवीं Oct 31st, 2020 12:25 am

15 दिन में 10 रुपए बढ़ गए दालों के दाम; धुले माह दस तो काले चने आठ रुपए महंगे

सब्जियों के बाद अब दालों के बढ़ते दाम ने भी आम लोगों के घर का बजट बढ़ा दिया है। माह धुली, माह, काले चने, चने की दाल के दाम बीते 15 दिनों के दौरान बढ़ गए हैं। इन दालों के दामों में प्रति किलो लगभग आठ से दस रुपए की बढ़ातरी हुई है। इसके अलावा तेल तथा रिफांइड के दामों ने भी रसोई के बजट में महंगाई का तड़का लगाया है। मुंगी, मुंगी धुली तथा राजमाह के रेटों ने नरमी दिखाई है। इसके अलावा रौंग व सफेद चने के रेट स्थिर रहने से राहत मिली है। जानकारी के मुताबिक महंगाई की मार आम लोगों के जीवन पर पड़ रही है। जिससे लोगों के घर का बजट बिगड़ है। 15 दिनों के भीतर ही दालों के दामों में करीब आठ से दस रुपए का इजाफा हुआ है। 15 दिन पहले माह धुली 125 रुपए प्रति किलो उपलब्ध थी। इसका दाम अब बढ़कर 135 रुपए प्रति किलो हो गया है।

माह की दाल जहां पहले 90 रुपए प्रति किलो में बिक रही थी, वहीं इसके दाम में पांच रुपए का उछाल आकर अब यह दाल 95 रुपए  प्रति किलो बेची जा रही है। चने की दाल लोगों को पहले दुकानों पर 60 रुपए में मिल रही थी, वहीं अब दाल के दाम 10 रुपए बढ़कर 70 रुपए प्रति किलो पहुंच गई है। काले चने पहले 60 रुपए किलो उपलब्ध थे, वहीं इनके दाम में आठ रुपए प्रति किलो बढ़ने से 68 रुपये तक पहुंच गए हैं। जबकि मुंगी धुली के दाम 130 रुपए प्रति किलो से कम होकर 105 रुपए प्रति किलो हो गए हैं। राजमाह के दाम भी 120 रुपए से लुढ़कर 112 रुपए प्रति किलो पहुंच गए हैं। रौंग के दामों में कोई भी बढ़ोतरी नहीं हुई है। रौंग 80 रुपए प्रति किलो के हिसाब से बिक रहे हैं। चने सफेद के दाम भी स्थिर रहे हैं। सफेद चने पहले भी 70 रुपए प्रति किलो उपलब्ध थे, अब भी लोगों को इसी दाम पर सफेद चने मिल रहे हैं। जबकि तेल के दाम भी एक लीटर की बोतल पर दस रुपए बढ़े हैं। 110 रुपए में बिकने वाला तेल अब 10 रुपए महंगा होकर 120 रुपए में बिक रहा है। जबकि रिफांइड के रेट भी पांच रुपए बढ़े हैं। पहले जहां रिफांइड 100 रुपए में उपलब्ध था, वहीं अब रिफांइड तेल 105 रुपए में मिल रहा है।     (एचडीएम)

इन दालों के बढ़े दाम

दाल         मौजूदा भाव      15 दिन पहले       कितने बढ़े

माह धुली      135            125                  दस रुपए

माह            95             90                    पांच रुपए

चने काले       68            60                     आठ रुपए

चना दाल       70             60                   दस रुपए

इन दालों के दामों में आई कमी

दाल         मौजूदा भाव      15 दिन पहले       कितने कम

राजमा          112            120                आठ रुपए

मुंगी            95              110               15 रुपए

मुंगी धुली      105              130              25 रुपए


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App