डेढ़ करोड़ सेब बॉक्स का कारोबार, पिछले साल के मुकाबले मंडियों में एक करोड़ 35 लाख कम पेटियां पहुंचीं

By: कार्यालय संवाददाता — शिमला Oct 23rd, 2020 12:06 am

हिमाचल में सेब सीजन डेढ़ करोड़ तक पहुंच गया है। प्रदेश से अब तक विभिन्न मंडियों में एक करोड़ 50 लाख 31 हजार 463 सेब बॉक्स भेजे जा चुके हैं। हालांकि प्रदेश में सेब सीजन चरम पर चल रहा है, मगर यह आंकड़ा बीते सेब सीजन के मुकाबले एक करोड़ 35 लाख सेब बॉक्स कम आंका जा रहा है। बीते सेब सीजन में अब तक दो करोड़ 85 लाख सेब बॉक्स फल मंडियों तक पहुंच गए थे। वहीं, साल 2018 में सेब सीजन की बात की जाए, तो इस अवधि तक प्रदेश से विभिन्न मंडियों में 1.46 करोड़ सेब बॉक्स पहुंच चुके थे। मौजूदा समय में प्रदेश के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में सेब सीजन प्रगति पर है। राज्य में सेब सीजन अब धीरे-धीरे समाप्ति की ओर अग्रसर है, मगर अब बहुत ही कम संख्या में सेब मार्केट में आने की उम्मीदें लगाई जा रही हैं।

 ऐसे में राज्य में सेब उत्पादन का आंकडा बीते सेब सीजन के कम रहने की संभावना जताई जा रही है। प्रदेश में इन दिनों ऊंचाई वाले क्षेत्रों में सेब तूड़ान कार्य शुरू हो गया है। राज्य के इन क्षेत्रों से गुणवत्तायुक्त फसल मार्केट में आ रही है, मगर बीते कुछ दिनों से फल मंडियों में सेब के दामों में उतार-चढ़ाव का सिलसिला जारी है, मगर अभी भी फल मंडियों में सेब के दाम 400 से 2000 हजार प्रति बॉक्स तक बिक रहा है, लेकिन बागबान कोरोना काल में बीते सालों के मुकाबले सेब के अच्छे दाम मिलने से खुश हैं। बागबानी विभाग से प्राप्त जानकारी के तहत प्रदेश से विभिन्न फल मंडियोें को एक करोड़ 50 लाख 31 हजार 463 सेब बॉक्स विभिन्न मंडियों में पहुंच चुके हैं।

सेटिंग में आई थी दिक्कत

बीते सेब सीजन की बात करें, तो इस अवधि तक 2.85 करोड सेब बॉक्स फल मंडियों में पहुंच चुके थे।  राज्य में सेब के पौधों में फ्लावरिंग के समय ठंड पड़ गई थी, जिससे सेब की सेटिंग प्रभावित हुई थी। वहीं इसके बाद भी ओलावृष्टि व तूफान से सेब की फसल को काफी नुकसान हुआ था। ठंड व ओलावृष्टि से फसल को काफी नुकसान पहुंचा था, जिसके चलते सेब सीजन के दौरान राज्य में कम उत्पादन का आकलन लगाया जा रहा है। अब राज्य के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में ही सेब तुड़ान कार्य शेष है। ऐसे में आगामी दिनों के दौरान फल मंडियों में कम संख्या में ही सेब बॉक्स मंडियों में उतरने की उम्मीद लगाई जा रही है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App