दुनिया को आकर्षित कर रहा है मलखंब, मन की बात कार्यक्रम में बोले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

By: एजेंसियां — नई दिल्ली Oct 26th, 2020 12:03 am

नई दिल्ली — प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को मन की बात में कहा कि भारत के कई खेल दुनिया को आकर्षित कर रहे हैं, जिसमें मलखंब भी शामिल है। श्री मोदी ने अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम मन की बात में देशवासियों से कहा कि जब हमें अपनी चीजों पर गर्व होता है, तो दुनिया में भी उनके प्रति जिज्ञासा बढ़ती है। जैसे हमारे आध्यात्म ने, योग ने, आयुर्वेद ने, पूरी दुनिया को आकर्षित किया है। हमारे कई खेल भी दुनिया को आकर्षित कर रहे हैं।

आजकल हमारा मलखंब भी कई देशों में प्रचलित हो रहा है। अमरीका में चिन्मय पाटणकर और प्रज्ञा पाटणकर ने जब अपने घर से ही मलखंब सिखाना शुरू किया था, तो उन्हें भी अंदाजा नहीं था कि इसे इतनी सफलता मिलेगी। उन्होंने कहा कि अमरीका में आज कई स्थानों पर मलखंब ट्रेनिंग सेंटर चल रहे हैं। बड़ी संख्या में अमरीका के युवा इससे जुड़ रहे हैं। मलखंब सीख रहे हैं। जर्मनी हो, पोलैंड हो, मलेशिया हो, ऐसे करीब 20 अन्य देशों में भी मलखंब खूब लोकप्रिय हो रहा है।

अब तो इसकी वल्र्ड चैंपियनशिप शुरू की गई है, जिसमें कई देशों के प्रतिभागी हिस्सा लेते हैं। श्री मोदी ने कहा कि भारत में तो प्राचीन काल से कई ऐसे खेल रहे हैं, जो हमारे भीतर असाधारण विकास करते हैं। हमारे माइंड, बॉडी बैलेंस को एक नए आयाम पर ले जाते हैं। लेकिन संभवत: नई पीढ़ी के हमारे युवा साथी मलखम्ब से उतना परिचित ना हों। आप इसे इंटरनेट पर जरूर सर्च करिए और देखिए। उन्होंने कहा कि हमारे देश में कितने ही मार्शल आट्र्स हैं।

मैं चाहूंगा कि हमारे युवा-साथी इनके बारे में भी जाने, इन्हें सीखें और समय के हिसाब से नयी पहल भी करें। जब जीवन में बड़ी चुनौतियां नहीं होती हैं, तो व्यक्तित्व का सर्वश्रेष्ठ भी बाहर निकल कर नहीं आता है, इसलिए अपने आप को हमेशा चैलेंज करते रहिए।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App