आईआईटी में मैथ्स की ओर बढ़ा छात्रों का रुझान

इंजीनियरिंग से ज्यादा अब गणित की ओर छात्रों की रुचि बढ़ रही है। आईआईटी से पढ़ाई करने वाले जेईई एडवांस्ड के टॉप रैंकर कम्प्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग के बाद मैथमेटिक्स का चयन कर रहे हैं। यही कारण है कि इंजीनियरिंग की अन्य ब्रांचों में दाखिले लेने वालों की रैंक काफी नीचे है। जेईई एडवांस्ड की रैंक के अनुसार देश की सभी आईआईटी में प्रवेश के लिए काउंसिलिंग प्रक्रिया चल रही है।  जोसा (ज्वाइंट सीट एलोकेशन अथॉरिटी) की ओर से पहले चरण का सीट एलॉटमेंट कर दिया गया है। इस रिकॉर्ड के अनुसार कम्प्यूटर साइंस के बाद गणित के प्रति छात्रों की रुचि है।

इसके बाद इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग, मैकेनिकल इंजीनियरिंग या अन्य ब्रांच हैं। हर बार की तरह पहली पसंद कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग ही है। दुनिया में प्रतिष्ठित आईआईटी कानपुर की कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग ब्रांच में 111 रैंक वाले छात्र ने सीट लॉक की है। वहीं आईआईटी बांबे में 128 रैंक वाले छात्र ने मैथेमेटिक्स का चयन किया है। आईआईटी दिल्ली में 156 रैंक और आईआईटी कानपुर में 444 रैंक वाले छात्र ने मैथमेटिक्स में प्रवेश के लिए आवेदन किया है।