इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल के लिए शॉर्ट फिल्म बना रहे गरली के अभिषेक

आधा दर्जन शॉर्ट हिंदी फिल्मों व डेढ़ दर्जन नामी टेलिविजन सीरियल में अहम भूमिका चुके कांगड़ा जिला के धरोहर गांव गरली में जन्मे 34 वर्षीय अभिषेक कौडंय विगत करीब अढ़ाई महीने से अपने पैतृक गांव में डेरा जमाए हुए हैं। सोनी टीवी पर प्रसारित हो रहे मशहूर सीरियल क्राइम पेट्रोल में गरली के अभिषेक कौडंय पुलिस ऑफिसर की भूमिका में नजर आ रहे हैं। वहीं कोरोना काल में अभिषेक कौडंय अपने घर में रहकर स्थानीय कैमरामैन शुभम शर्मा के साथ इंटरनेशनल फेस्टिवल के लिए शॉर्ट फिल्म शूट कर रहे हैं। शॉर्ट फिल्म में अभिषेक कौडंय लीड रोल में नजर आएंगे।

अभिषेक ने ‘दिव्य हिमाचल’ से रू-ब-रू होते हुए बताया कि यह शॉर्ट फिल्म एक ऐसे पुरुष शख्स पर बनाई जा रही है, जो तनावपूर्ण जिंदगी जी रहा है। इस दौरान उसकी जिंदगी में कई उतरा-चढ़ाव आते हैं। अभी तक उन्होंने इस फिल्म को कोई नाम नहीं दिया है। पर इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में यह हिट होगी। फिल्म के ज्यादातर शॉर्ट धरोहर गांव गरली की प्राचीन भव्य हवेलियों व पुरानी पंक डडियों से ही लिए जाएंगे।