कांगड़ा के भदरोआ में चक्की खड्ड में दो लाशें, हिमाचल-पंजाब सीमा के चक्कर में असमंजस में रही पुलिस

By: टीम - डमटाल, ठाकुरद्वारा-डमटाल Oct 18th, 2020 12:06 am

 पंजाब राजस्व विभाग की निशानदेही के बाद प्रदेश पुलिस ने कब्जे में लिए शव

 डमटाल, ठाकुरद्वारा-डमटाल पुलिस थाना के तहत भदरोआ गांव में चक्की खड्ड के बीचोंबीच दो लोगों के शव बरामद हुए हैं। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार चक्की खड्ड में दो लाशें मिलने की सूचना सबसे पहले डमटाल पुलिस को दी गई। डमटाल पुलिस थाना प्रभारी हरीश गुलेरिया पुलिस टीम सहित मौके पर पहुंचे और शवों को अपने कब्जे में लेकर आसपास से साक्ष्य जुटाए।

इसके बाद चक्की खड्ड में शवों की सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अशोक रतन भी मौके पर पहुंच गए। वहीं, शव हिमाचल की सीमा में थे या पंजाब की सीमा में, इसको लेकर काफी देर तक असमंजस की स्थिति बनी रही। इसके उपरांत पंजाब पुलिस के अधिकारियों को सूचित किया गया। पंजाब पुलिस के आला अधिकारी  घटनास्थल पर पहुंचे और लगभग दो घंटे तक चली आपसी बातचीत से कोई भी निर्णय नहीं निकलने के बाद पंजाब के राजस्व अधिकारियों को मौके पर बुलाया गया। काफी जांच पड़ताल के बाद राजस्व अधिकारियों ने घटना वाली जगह हिमाचल में होने की पुष्टि की, जिसके पश्चात हिमाचल पुलिस द्वारा शवों को कब्जे में लेकर कार्रवाई आगे बढ़ सकी। पुलिस ने दोनों शवों को बड़ी मशक्कत के बाद चक्की खड्ड से सड़क तक पहुंचाया गया।

ये शव एक महिला और एक पुरुष के हैं। अभी तक इन शवों की शिनाख्त नहीं हो पाई है। पुलिस द्वारा दोनों शवों को 72 घंटे तक शिनाख्त के लिए नूरपुर अस्पताल में रखा गया है। फिलहाल पुलिस ने पुलिस ने धारा 174 तहत मुकदमा दर्ज कर कारवाई अमल में लाई जा रही है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App