कुगती के छो-नाला में पुल का उद्घाटन

By: कार्यालय संवाददाता-भरमौर Oct 30th, 2020 12:23 am

विधायक जियालाल कपूर ने किया लोकार्पण, पुल के निर्माण पर 45 लाख की राशि हुई खर्च

विधायक जियालाल कपूर ने गुरुवार को कुगती के छो-नाला में निर्मित पुल का उद्घाटन किया। इस पुल के निर्माण पर 45 लाख की राशि खर्च हुई है। बस योग्य इस पुल के निर्माण से बड़े वाहनों की आवाजाही भी अब संभव हो पाएगी। तदोपरांत विधायक ने कुगती गांव में जनसभा को भी संबोधित किया। उन्होंने कहा कि दिसंबर माह तक कुगती में मोबाइल सेवा आरंभ हो जाएगी।

उन्होंने कहा कि कुगती के लिए भाजपा सरकार में बस सेवा आरंभ की है,जिससे कुगती मंदिर जाने वाले लोगों को भी सुविधा मिल रही है। उन्होंने कुगती की जनता से अपील की है कि अगर वह जगह मुहैया करवाते है तो यहां पर एक बड़े सामुदायिक भवन का निर्माण कार्य किया जाएगा। इसके नीचे खेल मैदान के अलावा सामुदायिक हाल व आवासीय परिसर की सुविधा यहां आने वाले यात्रियों को दी जाएगी। उन्होंने हड़सर की तर्ज पर कुगती में सीवरेज योजना बनाने का भी ऐलान किया। उन्होंने कहा कि जल्द ही इसकी डीपीआर बनाई जाएगी।

  जियालाल कपूर ने कहा कि भरमौर के सबसे दुर्गम गांव में विकास की कमी नहीं रहने दी जाएगी। इस मौके पर भाजपा मंडलाध्यक्ष सत्य प्रसाद शर्मा, सांह पंचायत के प्रधान अशोक सांख्यान, जिला शिकायत निवारण समिति के सदस्य चरणजीत ठाकुर, अनिल कुमार, इशू ठाकुर, अरुण कुमार, बंटी कपूर समेत एडीएम पीपी सिंह व अधिशाषी अभियंता लोक निर्माण के अलावा विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App