Kullu dussehra: लक्ष्मी नारायण संग निकले भगवान नरसिंह, खूब झूमे श्रद्धालु

By: कार्यालय संवाददाता—कुल्लू Oct 30th, 2020 12:07 am

अंतरराष्ट्रीय दशहरा उत्सव में भगवान नरसिंह की चौथी जलेब रैला के देवता लक्ष्मी नारायण संग निकली। इस दौरान भगवान नरसिंह ने जलेब यात्रा से रक्षासूत्र बांधा। यात्रा की इस परंपरा को संपूर्ण करने में देवता लक्ष्मी नारायण ने भी सुरक्षा घेरे की डोर बांधे रखी। ढोल-नगाड़ों, शहनाई, करनाल आदि की धुनों पर निकली जलेब को देखने के लिए जगह-जगह पर लोग घरों से बाहर निकले। बजंतरियों ने वाद्य यंत्रों में धुनें यूं छोड़ी की यात्रा पर निकले श्रद्धालु नाचने पर मजबूर हो गए। शहनाई वादक ने कुल्लवी गीत ‘कुल्लू आड़ी देइए,..तौ पौऊ शाहुरे जाणा बेटिए’ पेश कर जलेब को शाही अंदाज दे डाला।

  उत्सव की अंतिम दो जलेब यात्रा में दोनों देवता जमलू और लक्ष्मी नारायण भाग लेंगे। दोनों पालकी के इधर-उधर चलेंगे। दोनों देवताओं के वाद्य यंत्रों की धुनें जब यात्रा में छोड़ी जाएंगी, तो माहौल देखते ही बन जाएगा। शुक्रवार को यह देवी-देवता पहले भगवान रघुनाथ जी के शिविर में हाजिरी भरेंगे। इसके बाद मुहल्ले की परंपरा निभाने के लिए चानणी में जाएंगे। इसके बाद चार बजे जलेब यात्रा में भाग लेंगे। मुहल्ले के दिन ढालपुर में अंतरराष्ट्रीय दशहरा उत्सव में विराजमान देवी-देवता अपने शिविरों से बाहर निकलेंगे और भगवान रघुनाथ जी के अस्थायी शिविर पहुंचेंगे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App