हरे वस्त्र में भगवान रघुनाथ ने दिए दर्शन

By: कार्यालय संवाददाता-कुल्लू Oct 29th, 2020 12:22 am

ढालपुर मैदान में हर दिन नए श्रृंगार में हो रहे विराजमान, पूजा के दौरान शिविर में माथा टेकने पहुंच रहे श्रद्धालु

कुल्लू-अठारह करडू की सौह (ढालपुर मैदान) में हर दिन भगवान रघुनाथ जी और माता सीता मैया नए वस्त्रों में अपने श्रद्धालुओं को दर्शन दे रहे हैं। हर दिन अलग रंगों में भगवान रघुनाथ जी और माता सीता नए वस्त्र में विराजमान हो रहे हैं। बुधवार को हरे रंग के वस्त्र में भगवान रघुनाथ जी ने श्रद्धालुओं को दर्शन। इनके दर्शन करने के लिए श्रद्धालु पूजा के समय पहुंच रहे हैं। देवभूमि के अराध्य देव भगवान रघुनाथ नित नए वस्त्रों से सजते हैं।

रघुनाथ जी की पूजा घाटी के अन्य देवी-देवताओं से अलग है। परंपरागत देव विधि के अनुसार दशहरा उत्सव में रघुनाथ की सुबह से शाम तक कई बार पूजा की जा रही है। हर रोज रघुनाथ जी को नए वस्त्रों से सजाया जाता है। रात्रि को भजन कीर्तन का दौर जारी है। अंतरराष्ट्रीय दशहरा उत्सव में भगवान रघुनाथ के दर्शनों के लिए यह खुला दरबार माना जाता है। सुबह से अराध्य देव के दर्शन के लिए यहां कतार लग जाती है। अस्थायी शिविर में विराजमान भगवान सीता मैया और नरसिंह भगवान का प्रतिदिन बाकायदा स्नान होता है। अंगुष्ठ मात्र रघुनाथ की मूर्ति को हर रोज नए वस्त्र पहनाए जाते हैं। वहीं, हर शाम को रघुनाथ जी के अस्थायी शिविर में कीर्तन-भजनों का आयोजन किया जा रहा है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App