माता त्रिपुरा सुंदरी के आशीर्वाद के बिना नहीं होता लंका दहन

By: स्टाफ रिपोर्टर-भुंतर Oct 30th, 2020 12:30 am

अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा अनूठी देव परंपराओं के निर्वहन का महाकुंभ भी है। उत्सव में आने वाले देवी-देवताओं की अलग-अलग भूमिका है और देवता इनको सदियों से नियमों के मुताबिक आज तक निभा रहे हैं। उत्सव में भाग लेने वाली नग्गर की माता त्रिपुरा सुंदरी भी एक ऐसी देवी हैं, जिसका उत्सव में विशेष महत्त्व रहता है। लंका दहन से एक दिन पहले मोहल्ला पर्व पर भगवान रघुनाथ को देवशक्तियां प्रदान की जाती है तो उसका आगाज माता त्रिपुरा सुंदरी से होता है। माता की अनुपस्थिति के बिना उक्त देवरस्म को पूरा नहीं किया जा सकता है। लिहाजा, कोरोना संकट के बीच सूक्ष्म स्वरूप में मनाए जा रहे दशहरा में माता त्रिपुरा सुंदरी को इसी परंपरा के निर्वहन के लिए इस बार भी विशेष न्योता मिला है।  सात दिनों तक मनाए जाने वाले कुल्लू दशहरा के छठे दिन इस परंपरा को निभाया जाता है।

इस दौरान भगवान रघुनाथ के अस्थायी कैंप में लंका दहन के लिए शक्ति का आह्वान किया जाता है तथा इसमें नग्गर की माता त्रिपुरा सुंदरी की विशेष भूमिका रहती है। देवी के पुजारी को रंगीन वस्त्रों से सजा कर देवी बनाया जाता है और दूसरे व्यक्ति को शेर का मुखौटा मृगछाला पहना कर उसे देवी का वाहन बनाया जाता है। माता भगवान रघुनाथ को सबसे पहले देव शक्तियां प्रदान करती हैें तो राजपरिवार से भी मिलन को उन्हें भी शक्तियां प्रदान की जाती हैं। इसके बाद अन्य देवताओं द्वारा भी दैविक शक्तियां प्रदान की जाती हैं। बतातें चलें कि माता त्रिपुरा सुंदरी मां दुर्गा का स्वरूप मानी जाती हैं और त्रेता युग में लंका दहन से पहले भी भगवान राम को माता ने शक्तियां प्रदान की थीं।

माता त्रिपुरा संदरी को कुल्लू के राजपरिवार की कुलदेवी का भी दर्जा प्राप्त है और ऐसे में राजपरिवार किसी भी देवकार्य से पहले भी माता का आशीर्वाद लेता है। कुल्लू दशहरा के दौरान भी माता को अग्रिम पंक्ति के देवी-देवताओं में स्थान मिलता है। इस दौरान माता के अस्थायी शिविर में भक्त भी माता टेकने के लिए पहुंचते हैं और आशीष लेते हैं। कोरेना संकट के कारण इस बार मोहल्ला पर्व पर हालांकि सभी देवताओं के रथ तो नहीं होंगे, लेकिन परंपरा निर्वहन के लिए कारकूनों के माध्यम से विभिन्न देवालयों का शेष जरूर रघुनाथ के दरबार में कारकूनों के माध्यम से पहुंच रहा है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App