नादौन अस्पताल को नई बिल्डिंग

By: कार्यालय संवाददाता, नादौन Oct 23rd, 2020 12:40 am

केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर ने किया उद्घाटन, भदराल को सामुदायिक और महिला मंडल भवन की सौगात

 नादौन-केंद्रीय वित्त एवं कारपोरेट मामले राज्य मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने गुरुवार को नादौन में लगभग पांच करोड़ 66 लाख रुपये की लागत से निर्मित नागरिक अस्पताल के भवन का उद्घाटन किया। उन्होंने यहीं से ऑनलाइन माध्यम से गांव भदरोल में दो लाख रुपए की लागत से बने सामुदायिक भवन और साढे़ तीन लाख रुपए से बने महिला मंडल भवन बैहरड़ का भी लोकार्पण किया। इसके बाद अस्पताल परिसर में जनसभा को संबोधित करते हुए अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हिमाचल प्रदेश को अरबों रुपए के पैकेज देकर राज्य के चहुंमुखी विकास को बहुत बड़ी रफ्तार दी है। नादौन की धौलासिद्ध जलविद्युत परियोजना सहित प्रदेश की कई परियोजनाओं को तेजी से मंजूरी दी गई है। अनुराग ठाकुर ने कहा कि हमीरपुर संसदीय क्षेत्र देश का ऐसा इकलौता लोकसभा क्षेत्र है, जिसे केंद्र सरकार ने तीन-तीन मेडिकल संस्थान दिए हैं। इनमें बिलासपुर में एम्स पर 1100 करोड़, ऊना में पीजीआई के सेटेलाइट सेंटर पर 550 करोड़ और हमीरपुर के मेडिकल कालेज पर 322 करोड़ रुपए खर्च किए जा रहे हैं। नादौन विस क्षेत्र में भी इस योजना और नाबार्ड के माध्यम से लगभग 50 करोड़ रुपए खर्च किए जा रहे हैं।

नादौन में लगभग 12 करोड़ की लागत से मिनी सचिवालय कांगू स्कूल में 92 लाख का भवन, शूटिंग रेंज, बलडूहक में 71 लाख का पुस्तकालय भवन और अन्य विकास कार्य तेजी से पूरे किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि 2011 में प्रो. धूमल द्वारा अस्पताल भवन का शिलान्यास किया था, लेकिन सरकार बदल जाने पर कांग्रेस सरकार के समय जहां एक ईंट भी नहीं लगी और वर्तमान सरकार के समय यह कार्य पूर्ण हुआ। इस कार्य में नौ वर्ष का समय लगा है। उन्होंने कहा कि ऐसे विकास कार्यों पर राजनीति नहीं होनी चाहिए। इस अवसर पर स्वास्थ्य एवं आयुर्वेद मंत्री डा. राजीव सैजल ने कहा कि स्वास्थ्य के क्षेत्र में हिमाचल प्रदेश आज अग्रणी राज्य बनकर उभरा है। इस छोटे से प्रदेश में छह सरकारी मेडिकल कालेज चलाए जा रहे हैं तथा अस्पतालों में रिकार्ड संख्या में डाक्टरों की भर्ती की जा रही है। उन्होंने कहा कि नादौन अस्पताल में भी विशेषज्ञ डाक्टरों की नियुक्ति की गई है। इससे पहले एचआरटीसी के उपाध्यक्ष विजय अग्रिहोत्री ने अनुराग सिंह ठाकुर का स्वागत किया और क्षेत्र में करवाए जा रहे विभिन्न विकास कार्यों की जानकारी दी। उद्घाटन समारोह में जिला भाजपा अध्यक्ष बलदेव शर्मा, जिला परिषद अध्यक्ष राकेश ठाकुर, बाल संरक्षण आयोग की अध्यक्ष वंदना योगी, डीसी देवाश्वेता वनिक, एसपी कार्तिकेयन गोकुलचंद्रन, भाजपा के पदाधिकारी, पंचायती राज संस्थाओं के पदाधिकारी और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

अनुराग ठाकुर ने भोरंज में रखी नंधन पंचायत भवन की आधारशिला

भोरंज। उपमंडल भोरंज के अंतर्गत केंद्रीय वित्त एवं कारपोरेट मामले राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर ने भोरंज विस क्षेत्र की ग्राम पंचायत नंधन में पंचायत घर की आधारशिला रखी। अनुराग सिंह ठाकुर नंधन से ही ऑनलाइन माध्यम से अवाहदेवी के पर्यटक सूचना केंद्र, लाइब्रेरी हाल, ग्राम पंचायत पंजोत के गांव छौं के सामुदायिक भवन और गांव पंजोत के युवक मंडल भवन को भी जनता को समर्पित किया। इस मौके पर विधायक कमलेश कुमारी, जिला भाजपा अध्यक्ष बलदेव शर्मा, भोरंज एसडीएम राकेश शर्मा, जलशक्ति विभाग के एसडीओ अनिल कुमार, एक्सईन प्रदीप ठाकुर, लोक निर्माण विभाग के एसडीओ हरि राम, एक्सईन अमर सिंह भाटिया, बीडीओ मनोज शर्मा, भाजपा मंडलध्यक्ष देश राज शर्मा, महामंत्री चमन ठाकुर, अशोक इत्यादि लोग उपस्थित रहे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App