पैगंबर पर नाराजगी हिंसा में बदली: फ्रांस में तीन की हत्या के बाद सऊदी अरब में भी हमला

By: एजेंसियां, पेरिस Oct 30th, 2020 12:07 am

पैगंबर मोहम्मद के कार्टून पर नाराजगी फ्रांस के नागरिकों के खिलाफ हिंसा में बदलती जा रही  है। गुरुवार को फ्रांस के नीस में एक हमलावर ने अल्लाह-हू-अकबर के नारे लगाते हुए तीन लोगों की गला काटकर हत्या कर दी। यही नहीं, इसके बाद सऊदी अरब में फ्रांस के दूतावास में गार्ड के ऊपर चाकू से हमला कर दिया। चिंता पैदा करने वाली बात यह है कि एक जैसी दिख रहीं इन घटनाओं में हमलावर सामने वाले पर चाकू से हमला करता है। यहां तक कि गला काट देता है और अल्लाह-हू-अकबर के नारे लगाता है। इन घटनाओं के तार पैगंबर मोहम्मद के कार्टून से जुड़े माने जा रहे हैं, जिन्हें मैक्रों ने अभिव्यक्ति की आजादी बताया है, तो मुस्लिम देशों ने इस्लाम का अपमान। प्राप्त जानकारी के अनुसार, पैगंबर कार्टून विवाद में फ्रांस में एक टीचर की गला काटकर हत्या किए जाने के बाद गुरुवार को इसी तरह एक और हत्या का मामला सामने आया है। फ्रांस के नीस शहर में एक चर्च में एक हमलावर ने एक महिला का गला काट दिया और दो अन्य लोगों की चाकू मारकर निर्मम तरीके से हत्या कर दी।

 शहर के मेयर ने इस खौफनाक घटना को आतंकवाद करार दिया है। मेयर क्रिस्चियन इस्तोर्सी ने कहा कि चाकू से यह हमला शहर के नोट्रे डेम चर्च में हुआ। पुलिस ने हमलावर को अरेस्ट कर लिया है। तीन लोगों के मारे जाने की पुष्टि हो गई है। कई अन्य घायल हो गए हैं। फ्रांस के आतंकवाद निरोधक विभाग को इस हमले के जांच की जिम्मेदारी दी गई है। इस वारदात के बाद सऊदी अरब से खबर आई है कि फ्रांस के दूतावास के बाहर गार्ड को चाकू मार दिया गया। जेद्दाह में हमलावर ने धारदार हथियार से गार्ड पर हमला किया, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। रियाद में फ्रांस के दूतावास ने जानकारी दी है कि गार्ड खतरे से बाहर है, लेकिन राजनयिक परिसर में हमले की निंदा की है। फ्रांस के राजनयिकों ने सऊदी से हमले पर रोशनी डालने को कहा है और वहां रह रहे फ्रांस के नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App