Panchayati Chunav: वोटर लिस्ट पर आई डेढ़ लाख आपत्तियां, सुधार के लिए आयोग ने दिया 21 तक समय

By: विशेष संवाददाता — शिमला Oct 18th, 2020 12:10 am

चंडीगढ़ की फर्म को मिला काम

शिमला आने वाले समय में शहरी विकास एवं पंचायती राज संस्थाओं के प्रस्तावित चुनाव के लिए तैयारियां जोरों पर चल रही हैं। वोटर लिस्ट तैयार करने का काम लगभग पूरा हो चुका है। इस पर आपत्तियां व दावे मांगे गए थे और जानकारी के अनुसार एक लाख 43 हजार 815 लोगों ने प्रदेश भर में आपत्तियां दर्ज करवाई हैं। इनकी आपत्तियां वोटर लिस्ट को लेकर हैं, जिसमें कहीं मतदाता का नाम दर्ज नहीं है, तो कहीं जिस मतदाता का नाम नहीं होना चाहिए, वे वहां दर्ज है। ऐसी कई तरह की आपत्तियां इससे संबंधित दर्ज की गई हैं, जिनके निपटारे के लिए राज्य चुनाव आयोग ने 21 अक्तूबर तक का समय दिया है। तब तक इनका निपटारा किया जाएगा और फिर भी निपटारा नहीं होगा, तो जिलाधीशों को दावे किए जा सकेंगे। स्थानीय निकाय की बात करें, तो सोलन जिला में वोटर लिस्ट पर 8358 लोगों ने अपनी आपत्तियां दर्ज की हैं।

शिमला में 2187 आपत्तियां दर्ज की गई हैं, जहां सात शहरी निकाय हैं। सिरमौर में 3396 आपत्तियां आई हैं, जबकि यहां केवल तीन शहरी निकाय हैं। ऊना में छह शहरी निकायों की मतदाता सूची में 2006, मंडी में सात नगर निकाय हैं, वहां 975 लोगों ने आपत्तियां दर्ज की हैं। कुल्लू में 1678, कांगड़ा में आठ शहरी निकायों में 2249 आपत्तियां हैं। हमीरपुर में 2397, बिलासपुर में 444, चंबा में 1054 आपत्तियां आई हैं। शहरी निकायों में कुल 24744 आपत्तियां हैं। वहीं, मंडी की पंचायतों में 9602, लाहुल-स्पीति में 609, कुल्लू में 638, कांगड़ा में 1675, सिरमौर में 5837 आपत्तियां दर्ज हुई हैं। सोलन में 6772 तथा हमीरपुर में 10436 आपत्तियां लोगों ने मतदाता सूचियों पर दर्ज की हैं, जिनका निपटारा किया जाना जरूरी है।

मतदाता सूचियों के 40 पेज छपेंगे

शहरी निकाय व पंचायती राज के चुनाव के लिए मतदाता सूचियों के कुल 40 लाख पेज छापे जाएंगे। 54 पैसे प्रति पेज के हिसाब से चंडीगढ़ की एक फर्म को इसका कांट्रैक्ट दिया गया है। बता दें कि हर वार्ड की 20 कॉपी प्रिंट करवाई जाएंगी और प्रदेश में 23 हजार वार्ड, समितियों के तथा पंचायतों के वार्ड होंगे। एक पेज पर 36 वोटर दर्ज किए जाएंगे, जिनके फोटो भी साथ रहेंगे। इस पर सरकार 22 लाख रुपए की राशि खर्च करेगी। राज्य चुनाव आयोग के लीगल ऑफिसर संजीव महाजन के अनुसार मतदाता सूचियों को फाइनल करने का काम चल रहा है। आपत्तियां दूर होते ही वोटर लिस्ट को छाप दिया जाएगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App