पुलिस सम्मन के बाद भी जांच में शामिल नहीं होंगी कंगना,  वकील ने बताई वजह

By: एजेंसियां, मुंबई Oct 26th, 2020 12:10 am

 15 नवंबर के बाद पूछताछ करने का किया आग्रह

 मुंबई-मुंबई पुलिस की एफआईआर के बाद एक्ट्रेस कंगना रणौत और उनकी बहन रंगोली चंदेल को 26 और 27 अक्तूबर को पूछताछ में शामिल होने के लिए कहा गया था, लेकिन अब कंगना के वकील की तरफ  से बताया गया है कि एक्ट्रेस और उनकी बहन पूछताछ में शामिल नहीं हो पाएंगी। इस समय कंगना हिमाचल में अपने भाई की शादी में बिजी हैं। सोशल मीडिया पर कंगना रणौत के वकील रिजवान सिद्दीकी की तरफ  से ट्वीट कर यह जानकारी दी गई है। रिजवान ने बताया कि इस समय कंगना के छोटे भाई की शादी की तैयारियां चल रही हैं।

सम्मन को लेकर जवाब दे दिया गया है और हमने 15 नवंबर के बाद का समय मांगा है। मतलब कंगना रणौत अब सीधे दिवाली के बाद ही इस पूछताछ में शामिल होने का मन बना  रही हैं। वैसे कंगना के वकील ने बताया कि पुलिस तक उनका यह जवाब पहुंच चुका है। कानून को ध्यान में रखते हुए सभी फैसले लिए जाएंगे। वकील ने जोर दिया है कि वे अपनी क्लाइंट को बचाने के लिए हर कानूनी रास्ता जरूर अपनाएंगे। मालूम हो कि कंगना पर धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने का आरोप है। एक्ट्रेस पर दो समुदायों के बीच नफरत फैलाने के भी आरोप लगे हैं। इसके बाद कोर्ट आदेश पर मुंबई पुलिस ने एक्ट्रेस के खिलाफ  एफआईआर दर्ज कर अपनी जांच शुरू की है।

इसी कड़ी में पुलिस की तरफ  से कंगना और रंगोली को सम्मन भी भेजा गया था, लेकिन लंबे समय से कंगना ने इस सम्मन को ज्यादा तवज्जो नहीं दी है, बल्कि वे सोशल मीडिया पर ट्वीट कर मुंबई पुलिस की खिल्ली उड़ा रही है। वह उन्हें पप्पू सेना कहकर संबोधित कर रही हैं। एक्ट्रेस का हर तंज वायरल हो रहा है और एक नए विवाद को जन्म दे रहा है। ऐसे में जब मुंबई पुलिस की इस पूछताछ में वह शामिल होंगी, तब यह मामला और गरमा जाएगा और इस पर जमकर राजनीति भी होती दिख जाएगी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App