प्रदेश में 31 तक बारिश के आसार नहीं

By: कार्यालय संवाददाता — शिमला Oct 26th, 2020 12:01 am

 शिमला-हिमाचल प्रदेश में अक्तूबर माह के आखिरी दिनों के दौरान भी बारिश के कोई आसार नहीं हैं। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के तहत राज्य में 31 अक्तूबर तक मौसम साफ बना रहेगा। इस दौरान अनेक स्थानों पर धूप खिली रहेगी, मगर विभाग की मानें, तो उक्त अवधि के दौरान तापमान में और गिरावट आएगी। राज्य के अधिकतर क्षेत्रों में दिन के समय मौसम साफ बना रहा। दिन के समय धूप भी खिली रही, लेकिन दिन के समय बादलों के घिरने और शीतलहरों के प्रवाह से अधिकतम तापमान में गिरावट आई है। अधिकतम तापमान में एक से पांच डिग्री की गिरावट आई है। केलांग के अधिकतम तापमान में सबसे ज्यादा पांच डिग्री की गिरावट आंकी गई है। इसके अलावा डलहौजी, चंबा और शिमला के पारे में दो, सुंदरनगर, भुंतर के पारे में एक डिग्री की गिरावट आई है।

इसके अलावा राज्य के मैदानी इलाकों के पारे में गत शनिवार के मुकाबले हल्की बढ़ोतरी आई है। नाहन, सोलन, बिलासपुर और हमीरपुर के तापमान में एक डिग्री की बढ़ोतरी रिकार्ड की गई है। तापमान में गिरावट आने से प्रदेश के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में दिन के समय भी अब हल्की ठंड का एहसास होने लगा है। न्यूनतम तापमान में गिरावट का सिलसिला जारी है। केलांग का न्यूनतम तापमान में अभी भी शून्य डिग्री में चल रहा है, जो देश भर में सबसे कम आंका गया है। वहीं कल्पा, मनाली, डलहौजी, भुंतर और शिमला के कुफरी में रात के समय कड़ाके की ठंड पड़ रही है। रात के समय लोगों को कड़ाके की ठंड का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग के निदेशक डा. मनमोहन सिंह ने बताया कि प्रदेश में 31 अक्तूबर तक मौसम साफ बना रहेगा। इस दौरान तापमान में ओर गिरावट आने की संभावना जताई जा रही है।

कहां, कितना पारा

शहर       अधिकतम न्यूनतम

शिमला    20.7       10.6

भुंतर       27.2       8.7

कल्पा     18.0       3.6

धर्मशाला  22.2       11.8

ऊना       33.7       11.6

नाहन      28.5       19.5

सोलन     29.5       8.5

कांगड़ा    29.5       12.2

बिलासपुर 31.0       11.5

हमीरपुर   30.8       11.3

चंबा       26.9       10.0

केलांग     10.9       0.9


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App