प्रदेश में 30 तक खिली रहेगी धूप

By: कार्यालय संवाददाता — शिमला Oct 25th, 2020 12:01 am

फिलहाल बारिश की संभावना नहीं; ऊंचाई वाले इलाकों में पड़ रही कड़ाके की ठंड, केलांग का पारा शून्य पहुंचा

हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में कड़ाके की ठंड पड़नी शुरू हो गई है। केलांग का पारा लुढ़ककर शून्य डिग्री में पहुंच गया है। केलांग में न्यूनतम तापमान 0.5 डिग्री रिकॉर्ड किया गया है, जो विंटर सीजन के बाद इस साल की सबसे सर्द रात रिकॉर्ड की गई है। केलांग के साथ-साथ कल्पा व मनाली में भी रात के समय कड़ाके की ठंड पड़ रही है। हालांकि मौसम विभाग द्वारा राज्य में 30 अक्तूबर तक मौसम साफ बना रहने का पूर्वानुमान लगाया गया है, मगर इस अवधि के दौरान भी तापमान में गिरावट का सिलसिला जारी रहेगा। राज्य के अधिकतर क्षेत्रों में शनिवार को मौसम साफ रहा। दिन के समय चटक धूप भी खिली रही, जिससे अधिकतम तापमान में पहले के मुकाबले हल्का उछाल दर्ज किया गया है, मगर दोपहर शीतलहरों का प्रवाह शुरू हो गया था।

ठंडी हवाएं चलने से प्रदेश में शाम के समय ठंड का एहसास हुआ। अधिकतम तापमान में एक से दो डिग्री तक की बढ़ोतरी रिकॉर्ड की गई है। शिमला, सुंदरनगर, भुंतर, नाहन, सोलन व डलहौजी के अधिकतम तापमान में पहले के मुकाबले उछाल दर्ज किया गया है। नाहन के अधिकतम तापमान में सबसे ज्यादा दो डिग्री की बढ़ोतरी आई है। इसके अलावा समूचे प्रदेश के पारे में पहले के मुकाबले गिरावट रिकॉर्ड की गई है। बीते 24 घंटों की बात की जाए, तो न्यूनतम तापमान में फिर से गिरावट आंकी गई है। न्यूनतम तापमान में एक से दो डिग्री की गिरावट आई है। केलांग का पारा लुढ़ककर शून्य डिग्री तक पहुंच गया है। कल्पा का तापमान चार डिग्री से नीचे आ गया है। मनाली का छह डिग्री, सोलन में आठ, सुंदरनगर व कल्पा में न्यूनतम तापमान नौ डिग्री से कम दर्ज किया गया है।  मौसम विभाग के निदेशक डा. मनमोहन सिंह ने खबर की पुष्टि की है।

कहां, कितना पारा

शहर  अधिकतम    न्यूनतम

शिमला    22.1       10.5

भुंतर       28.8       9.0

कल्पा     18.8       3.6

धर्मशाला  22.4       12.2

ऊना       33.2       12.0

सोलन     28.6       7.5

नाहन      27.8       14.5

केलांग     15.8       0.5

कांगड़ा    29.1       12.3

बिलासपुर 30.0       11.0

हमीरपुर   29.6       11.2

चंबा       28.0       10.2


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App