पेश है मौसम का सटीक हाल

By: स्टाफ रिपेर्टर-भुंतर Oct 23rd, 2020 12:22 am

भुंतर-जिला कुल्लू के दियार क्षेत्र के लोगों को अब मौसम की सही व स्टीक जानकारी मिलेगी। जिला कुल्लू की दियार पंचायत के ओसन में स्वचालित मौसम केंद्र स्थापित किया गया है।  उक्त मौसम केंद्र को राष्ट्रीय स्तर की सामाजिक संस्था कासा ट्रस्ट द्वारा स्थापित किया गया है जो मौसम केंद्र शिमला और जिला कृषि विज्ञान केंद्र के माध्यम से मौसम केंद्र की भविष्यवाणी किसानों और आम लोगों तक पहुंचाएगा। गुरूवार को इस मौसम केंद्र को रूड़की के विशेषज्ञों द्वारा स्थापित किया गया तो इस मौके पर कासा ट्रस्ट के अधिकारी भी मौजूद रहे। जानकारी के अनुसार उक्त मौसम केंद्र मार्च माह में स्वीकृत हुआ था लेकिन कोरोना संकट के कारण इसे अब स्थापित किया गया है।

क्लाईमेट फार्मर स्कूल योजना के तहत जिला में करीब 500 किसानों को जोड़ने का भी कार्यक्रम है और योजना के तहत प्राकृतिक खेती के लिए इन्हे प्रेरित किया जाएगा तो संबंधित एजेंसियों के साथ लिंक करने का कार्य किया जाएगा। इसके अलावा मौसम भविष्यवाणी की कृषि बागबानी में भूमिका के बारे में भी किसानों को कृषि विभाग, कृषि विज्ञान केंद्र और मौसम विभाग के साथ मिलकर जागरूक किया जाएगा। चेतना समिति के निदेशक बेली राम नेगी के अनुसार मौसम केंद्र के जरिए किसानों को सीधा लाभ मिलेगा। इस मौके पर ब्रह्मा युवक मंडल ओसन के प्रधान मनोज शर्मा और अन्य सदस्य भी मौजूद रहे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App