पुखरी में बनेगा खेल स्टेडियम

By: दिव्य हिमाचल ब्यूरो-चंबा Oct 28th, 2020 10:19 pm

विधानसभा उपाध्यक्ष ने रखी आधारशिला; बोले, होस्टल की व्यवस्था भी करेगी सरकार

चंबा-विधानसभा उपाध्यक्ष हंसराज ने कहा है कि पुखरी में आधुनिक सुविधाओं से लैस खेल स्टेडियम का निर्माण होगा। इसमें विभिन्न खेलों से जुड़ी सुविधाएं एक ही जगह पर उपलब्ध होंगी। वह बुधवार को पुखरी में खेल स्टेडियम के निर्माण की आधारशिला रखने के बाद उपस्थित जनसमूह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि इस स्टेडियम में होस्टल की व्यवस्था भी की जाएगी। स्टेडियम में इंडोर खेलों और एक बहु-उद्देशीय जिम्नेजियम की भी सुविधा रहेगी। विधानसभा उपाध्यक्ष ने पहले चरण में इसके निर्माण के लिए 20 लाख की राशि देने की भी घोषणा की। उन्होंने कहा कि पुखरी में उपतहसील भवन के निर्माण के लिए भी 35 लाख की राशि स्वीकृत की जा चुकी है। विधानसभा उपाध्यक्ष ने कहा कि विकास एक निरंतर चलने वाली प्रक्रिया है और इसके तहत समूचे चुराह विधानसभा क्षेत्र में सभी बुनियादी जरूरतों को जुटाया जाता रहेगा। उन्होंने कहा कि पुखरी चुराह विधानसभा के निचले क्षेत्र की 17 पंचायतों का केंद्र भी है। उन्होंने भरोसा देते हुए कहा कि आने वाले समय में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पुखरी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के तौर पर अपग्रेड करवाया जाएगा। इससे लोगों को और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पुखरी में ही मिल सकें। उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि चंबा से तीसा मुख्य सड़क, जिसका 22 किलोमीटर भाग चुराह विधानसभा क्षेत्र में आता है, की अपग्रेडेशन और टायरिंग के कार्य पर 22 करोड़ की राशि खर्च की जा रही है।

बगोड़ी क्षेत्र के लोगों द्वारा पेयजल भंडारण टैंक की समस्या रखे जाने पर विधानसभा उपाध्यक्ष ने उन्हें आश्वस्त किया कि पर्याप्त भंडारण क्षमता का एक नया टैंक निर्मित किया जाएगा। इससे पूर्व विधानसभा उपाध्यक्ष ने पलेही में आयुर्वेद डिस्पेंसरी का लोकार्पण करने के अलावा कियाणी गांव की संपर्क सड़क के जीर्णोद्धार कार्य का शुभारंभ भी किया। पुखरी पंचायत के प्रधान गोपाल सिंह ठाकुर में पुखरी पंचायत में हुए विभिन्न विकास कार्यों और उपलब्ध की गई बुनियादी सुविधाओं के लिए विधानसभा उपाध्यक्ष का आभार व्यक्त किया। इस मौके पर भाजपा मंडल अध्यक्ष ताराचंद, अधिशाषी अभियंता लोक निर्माण दीपक महाजन, अधिशांषी अभियंता जलशक्ति केवल शर्मा, खंड विकास अधिकारी ओमप्रकाश, नायब तहसीलदार लक्ष्मण कालिया, सहायक अभियंता लोक निर्माण संजीव अत्री, वन परिक्षेत्र अधिकारी जगजीत चावला के अलावा विभिन्न विभागों के अधिकारी व पदाधिकारी मौजूद रहे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App