सवा दो करोड़ से बनेगी रजेरा-संगेड सड़क

By: Oct 24th, 2020 12:25 am

सदर विधायक पवन नैयर ने किया मार्ग का भूमिपूजन, तीन करोड़ 15 लाख रुपए से बन रही रजेरा-भनियां सड़क का काम भी प्रगति पर

दिव्य हिमाचल ब्यूरो- चंबा-सदर विधायक पवन नैयर ने शुक्रवार को रजेरा-संगेड संपर्क मार्ग के निर्माण कार्य का विधिवत तरीके से भूमिपूजन किया। अनुसूचित जाति उपयोजना के तहत प्रस्तावित रजेरा-संगेड संपर्क र्मार्ग के निर्माण के लिए दो करोड़ 25 लाख रुपए की राशि खर्च होगी। पवन नैयर ने कहा कि संपर्क मार्ग के निर्माण से रजेरा पंचायत के टिकरा, थलोल, ककला, कुफाडू, संगेड और बडूणा आदि गांव के लोग लाभान्वित होंगे। उन्होंने लोगों को आश्वस्त करते हुए कहा कि लोक निर्माण विभाग को तय अवधि में संपर्क मार्ग का निर्माण कार्य मुकम्मल करने को भी कह दिया गया है। पवन नैयर ने लोक निर्माण विभाग के माध्यम से आरंभ की गई विभिन्न परियोजनाओं का जिक्त्र करते हुए कहा कि नौ करोड़ रुपए की लागत से प्रस्तावित रजेरा-भनियां पुल के निर्माण के लिए टेंडर आबंटित किया जा चुका है और जल्द निर्माण कार्य को आरंभ कर दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि तीन करोड़ 15 लाख रुपए की राशि से निर्मित की जा रही रजेरा-भनियां संपर्क सड़क का निर्माण कार्य प्रगति पर है। उन्होंने कहा कि रजेरा-गुड्डा संपर्क सड़क मार्ग पर दो करोड़ 80 लाख रुपए खर्च कर पक्का किया जा रहा है।  इसके अलावा लूड्डू-घरमाणी-कडपेई संपर्क मार्ग का निर्माण कार्य प्रगति पर है। इस संपर्क मार्ग के निर्माण पर दो करोड़ 55 लाख रुपए व्यय किए जा रहे हैं।

उन्होंने कार्यक्रम के दौरान सभा स्थल के समीप दुर्घटनावश हुई आगजनी के कारण किसानों के संभावित नुकसान के आकलन के निर्देश देते हुए प्रबल हुए प्रभावितों की हरसंभव मदद का भी भरोसा दिया। उन्होंने कहा है कि चंबा हलके में करीब सौ करोड़ रुपए की लागत से निर्मित होने वाली विभिन्न विकास परियोजनाओं के निर्माण कार्यों को जल्द शुरू किया जाएगा। मुख्यमंत्री जल्द चंबा प्रवास के दौरान इन विकास योजनाओं का विधिवत शुभारंभ करेंगें। इस अवसर पर भाजपा मंडलाध्यक्ष विनोद कुमार, महामंत्री संजीव सूरी, उपाध्यक्ष हर्ष सहगल, प्रकाश कुमार, स्थानीय पंचायत प्रधान किशनचंद, उपप्रधान टेकचंद, खंड विकास अधिकारी मैहला रजनीश कुमार, सहायक अभियंता विद्युत राज सिंह, सहायक अभियंता लोक निर्माण मीत शर्मा सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App