शिक्षा मंत्री पत्नी सहित पॉजिटिव, गोविंद सिंह ठाकुर ने सोशल मीडिया पर बताया, निजी सुरक्षा अधिकारी भी चपेट में

By: दिव्य हिमाचल ब्यूरो, कुल्लू Oct 30th, 2020 12:06 am

हिमाचल प्रदेश के शिक्षा मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर पत्नी सहित कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। शिक्षा मंत्री ने अपनी रिपोर्ट पॉजिटिव आने की जानकारी खुद सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा कर दी। गोविंद सिंह ठाकुर ने लिखा है कि गत दिन वह किसी कोरोना संक्रमित व्यक्ति के संपर्क में आए थे। स्टाफ  सहित गुरुवार सुबह रैपिड एंटीजन टेस्ट करवाया, जिसमें मेरी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इसके अलावा उनके निजी सुरक्षा अधिकारी की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। मंत्री ने कहा उनका स्वास्थ्य हालांकि बिल्कुल ठीक है, लेकिन चिकित्सकों के परामर्श के अनुसार वह घर पर आइसोलेट हो गए हैं।

उन्होंने बुधवार को उनके संपर्क में आए सभी लोगों से अपने स्वास्थ्य की जांच करवाने का आग्रह किया है। बता दें कि मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर ने कोरोना संक्रमित पाए जाने के बाद तुरंत सोशल मीडिया के माध्यम से जानकारी साझा की और उनके संपर्क में लोगों को एहतियातन आइसोलेट होने की सलाह दी है। वहीं, जानकारी के मुताबिक शिक्षा मंत्री की धर्मपत्नी की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। एहतियात के तौर पर मंत्री के साथ के लोग भी आइसोलेट हुए है, जो उनके संपर्क में आए थे। उधर, शिक्षा मंत्री की रिपोर्ट पॉजिटिव आने की जानकारी मिलते ही प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने भी सोशल मीडिया के माध्यम से उनके जल्द स्वस्थ होेने की कामना की है। मुख्यमंत्री ने लिखा है कि उनके कैबिनेट के सहयोगी और उनके छोटे भाई शिक्षा मंत्री की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। वह भगवान से जल्द उनके स्वस्थ होने की कामना करते हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App