सोशल मीडिया पर छाया ‘रोक सको तो रोक लो, हिमाचल के छोकरे’

टीर्शटों पर हिमाचल का छोकरा और हिमाचल की छोकरी के क्रेज के साथ ही अब हिमाचल की नामी हस्तियों के साथ वीडियो वायरल हो रहा है। केंद्रीय वित्त एवं कोर्पोरेट राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर का यह वीडियो कई सियासी संदेश दे रहा है। इसमें गाए गए गीत में कहा कि ‘रोक सके तो रोक लो, हिमाचल के छोकरे। अनुराग ठाकुर के समर्थक इस वीडियो को हिमाचल में खूब वायरल कर रहे हैं। इस वीडियो में ऐसे कंटेट डाले गए हैं कि यह युवा पीढ़ी को खूब पसंद आ रहा है। यही वजह है कि दो दिन में ही इस वीडियो को लाखों लोगों ने देखा व शेयर किया है।

देश के लिए शहीद होने वाले मेजर सोम नाथ, बिक्रम वतरा अन्य अन्य शहीदों के अलावा खेल के क्षेत्र में देश दुनिया में नाम कमाने वाले, पहाड़ी राज्य की संस्कृति, यहां के लोगों का रहन सहन सहित तमाम सारी चीजों को इस छोटे से वीडियो में डाल कर हिमाचल के छोकरे को देश की बड़ी हस्तियों के साथ दर्शाया गया है। इसमें यह भी जिक्र किया गया है कि सेना पर डटे रहेंगे डोगरे, हिमाचल के छोकरे, देश के दुश्मनों को रखते हैं जूते की नोक पर हिमाचल के  छोकरे। भले ही यह वीडियो माहौल बनाने और इस मुद्दे को भुनाने के लिए बनाया गया हो, लेकिन सियासी जानकारी इसे कुछ और मायने बता रहे हैं। ऐसे में अनुराग भले ही केंद्र में हिमाचल का प्रतिनिधित्व कर रहे हों, लेकिन अब प्रदेश में अचानक से अनुराग की धमक गूंजने लगी है। उनके समर्थक भी इन दिनों खूब अग्रेसिव दिख रहे हैं और उनकी गतिविधियां भी बढ़ने लगी हैं।