सुमेधा-पारस देशभर में अव्वल

राजकीय फार्मेसी कालेज रोहडू में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई एवं एंटीसैक्सुअल हरासमेंट तथा लैंगिक समानता सेल ने महिलाओं को समानता के अधिकार के लिए एक प्रतिस्पर्धा का आयोजन किया। इस ऑनलाइन प्रतिस्पर्धा में देश भर के कालेजों ने भाग लिया, जिसमें पोस्टर एवं स्लोगन स्पर्धा में राजकीय फार्मेसी कालेज रोहड़ू की छात्रा सुमेधा ने प्रथम पुरस्कार जीता। छाया चित्रण स्पर्धा में राजकीय फार्मेसी कालेज रोहड़ू के छात्र पारस अत्री ने प्रथम पुरस्कार अर्जित किया।  चलचित्र स्पर्धा में राजकीय फार्मेसी महाविद्यालय रोहड़ू की छात्रा शिक्षा कौशल ने दूसरा पुरस्कार हासिल किया।

 इस ऑनलाइन प्रतिस्पर्धा को सफल बनाने में नोडल अधिकारी सहायक आचार्या कुमारी प्रियंका नागु, राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के प्रभारी सहायक आचार्य डा. विनीत मेहता एवं कालेज के चतुर्थ वर्ष के छात्र आशीष ठाकुर, दीक्षित ठाकुर, पारस अत्री व सुमेधा शर्मा का विशेष योगदान रहा। कालेज की ओर से सभी प्रतिभागियों को ई-सर्टिफिकेट तथा सभी विजेताओं को ई-सर्टिफिकेट के साथ पुरस्कार स्वरूप धनराशि भी दी गई। कालेज के निदेशक प्रधानाचार्य डा. विवेक शर्मा ने सभी प्रतिभागियों को भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी और कहा कि इस तरह की गतिविधियों से समाज में महिलाओं को समानता का अधिकार मिलने के लिए जागरूकता में बल मिलेगा।