ऊहल-चंडीगढ़ बस सेवा शुरू

By: स्टाफ रिपोर्टर, सुजानपुर Oct 19th, 2020 12:23 am

एचआरटीसी ने शुरू किया बंद पड़ा रूट, लोगों को मिलेगी राहत

सुजानपुर-चंडीगढ़ जाने वालों के लिए खुशखबरी है। निगम प्रबंधन की बस सेवा ऊहल-चंडीगढ़ शुरू हो गई है। निर्धारित समयसारिणी के अनुसार अब यह बस रोजाना ऊहल से चंडीगढ़ तक जाएगी और वापस अपने गंतव्य तक पहुंचेगी। कोविड-19 वैश्विक महामारी के दौरान तमाम बस सेवाएं बंद कर दी गई थीं।

इंटर स्टेट बस सेवा पर पूर्णतया पाबंदी लगाई गई थी, लेकिन अब राज्य सरकार की नई एसओपी की गाइडलाइन के तहत इंटर स्टेट बस सेवा शुरू करवा दी गई है। बस सेवा बहाली के बाद प्रदेश में बाहरी राज्यों की बसों का आना शुरू हो गया है और प्रदेश से भी परिवहन निगम की बसें अन्य राज्य में जा रही हैं। सुजानपुर विस क्षेत्र से चलने वाली ऊहल-चंडीगढ़ बस अभी तक नहीं चल पाई थी, लेकिन यह बस अब फिर से अपनी सेवा देने के लिए तैयार है। निर्धारित समयसारिणी सुबह 9ः30 बजे यह ऊहल से सुजानपुर पहुंचेगी और 11ः30 बजे सुजानपुर बस स्टैंड से चंडीगढ़ के लिए प्रस्थान करेगी। देर शाम 6:30 बजे यह बस चंडीगढ़ से वापसी करते हुए रात करीब 11ः45 बजे सुजानपुर पहुंचेगी। उसके बाद ऊहल के लिए प्रस्थान करेगी। निगम प्रबंधन की बस सेवा ऊहल-चंडीगढ़ जाने वालों के लिए बेहतरीन विकल्प था लेकिन कोरोना के दौरान बस सेवा बंद हो गई थी, लेकिन अब एक बार फिर से इस बस सेवा को शुरू करवा दिया गया है। बस सेवा के शुरू होने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली है और चंडीगढ़ जाने वालों के लिए यह राहत एवं खुशखबरी वाली बात है। निगम प्रबंधन के उड़नदस्ता प्रभारी जितेंद्र पाल ने बताया कि ऊहल-चंडीगढ़ बस सेवा शुरू हो गई है। चंडीगढ़ जाने वाले लोग निगम प्रबंधन के बस में सफर करें।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App