15 करोड़ रुपए से बनेगी कोहडरा-तूतड़ू पेयजल योजना

By: कार्यालय संवाददाता-बंगाणा Nov 30th, 2020 12:25 am

जलशक्ति मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर ने किया वर्चुअल शिलान्यास

जलशक्ति, राजस्व, बागबानी तथा सैनिक कल्याण मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर ने बंगाणा के लिए पांच करोड़ 50 लाख रुपए की लागत से बनने वाली मल निकासी योजना तथा 15 करोड़ की लागत से बनने वाली कोहडरा-तूतड़ू पेयजल योजना का वर्चुअल शिलान्यास किया। इस अवसर पर ग्रामीण विकास, पंचायती राज, कृषि, मत्स्य तथा पशुपालन मंत्री वीरेंद्र कंवर विशेष रूप से उपस्थित रहे। लोगों को संबोधित करते हुए महेंद्र सिंह ठाकुर ने कहा कि कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के लिए उनके सभी विभाग पूर्ण प्रयास के साथ कार्य कर रहे हैं। जल शक्ति विभाग के माध्यम से आठ पेयजल योजनाओं का कार्य प्रगति पर है, जिसके लिए 42 करोड़ रुपए की धनराशि स्वीकृत की गई है।

वर्ष 2020-21 में पेयजल योजनाओं के निर्माण के लिए 12 करोड़ 38 लाख रुपए का प्रावधान किया गया है। जल शक्ति मंत्री ने कहा कि सिंचाई क्षेत्र में 63 योजनाओं का कार्य पूर्ण कर लिया गया है, जिससे 1189 हेक्टेयर भूमि को सिंचाई की सुविधा प्रदान की गई है। इसके अतिरिक्त 12 करोड़ की लागत से 11 सिंचाई योजनाओं का निर्माण कार्य प्रगति पर है। महेंद्र सिंह ठाकुर ने कहा कि कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र में दो रेन वाटर हार्वेस्टिंग स्ट्रक्चर के निर्माण के लिए नाबार्ड के माध्यम से 15 करोड़ 60 लाख रुपए स्वीकृत किए गए हैं। इनमें से एक का निर्माण कार्य 80 प्रतिशत तक पूर्ण कर लिया गया है। बंगाणा में सीवरेज स्कीम के लिए पांच करोड़ 54 लाख रुपए प्रदान किए गए हैं तथा कार्य आबंटित कर दिया गया है। जल जीवन मिशन के लिए कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र को 20 करोड़ रुपए स्वीकृत किए गए हैं तथा नवंबर 2020 तक 5573 घरों में नल लगाए गए हैं।

जल्द होगी पटवारियों की नियुक्ति

जलशक्ति मंत्री ने कहा कि राजस्व कार्यालयों के चक्करों से लोगों को बचाने के लिए कुछ परिवर्तन करने पर विचार चल रहा है। विभाग में स्टाफ  की कमी को पूरा करने के प्रयास किए जा रहे हैं और जल्द ही पटवारियों की नियुक्ति की जाएगी। उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी के चलते प्रदेश सरकार ने कुछ बंदिशें लगाई हैं, इसलिए व्यक्तिगत रूप से कुटलैहड़ नहीं आ पाए, लेकिन हालात में सुधार होते ही वह अवश्य आएंगे।

ये-ये रहे मौजूद

कार्यक्रम में जिला भाजपा अध्यक्ष मनोहर लाल शर्मा, मंडल अध्यक्ष मास्टर तरसेम लाल, कुटलैहड़ महामंत्री कैप्टन प्रीतम डढवाल, गो सेवा आयोग के सदस्य कृष्ण पाल शर्मा, हिमफैड निदेशक चरणजीत शर्मा, एडीसी डा. अमित कुमार शर्मा, मुख्य अभियंता देवेश कुमार भारद्वाज, अधीक्षण अभियंता जलशक्ति विभाग डा. शाम कुमार शर्मा, अधिशाषी अभियंता अरविंद सूद, एसडीएम विशाल शर्मा, भाजपा कार्यकारी सदस्य विजय शर्मा, राम सिंह, मदन राणा, राजेंद्र रिंकू, राजेंद्र मलांगड़, जिला अनुसूचित जाति के अध्यक्ष सूरम सिंह, युवा मोर्चा अध्यक्ष सुमित वशिष्ठ, कमल देव, जिला परिषद सदस्य इंदु बाला, एमआर दड़ौच, राजू राणा, जोगिंदर पोनू, मनजीत शर्मा, जीत शर्मा, कुटलैहड़ भाजपा मीडिया प्रभारी अजय शर्मा, संगीता देवी, सतीश कुमार, भीष्म कंवर सहित अन्य अधिकारी एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App