अंबर हुआ मेहरबान, घाटी पहुंचे कई मेहमान

By: कार्यालय संवाददाता — शिमला Nov 28th, 2020 12:01 am

दो दिन कड़ाके की ठंड के बाद लोगों को राहत, अब तीन तक बारिश नहीं

प्रदेश में दो दिन तक मौसम खराब रहने के बाद शुक्रवार को धूप खिली रही। दो दिन से राज्य के कई क्षेत्रों में बर्फबारी व बारिश का क्रम चलता रहा। इसके चलते समूचा प्रदेश शीतलहर की चपेट में आ गया था। यही नहीं, बर्फबारी के बाद लोगों को खासी परेशानियों का भी सामना करना पड़ा। अब मौसम में करवट आने के बाद कड़ाके की ठंड की मार झेल रहे लोगों ने कुछ हद तक राहत की सांस ली है। मौसम विभाग की मानें, तो राज्य में तीन दिसंबर तक मौसम साफ बना रहेगा। इस दौरान अनेक स्थानों पर धूप खिली रहेगी। प्रदेश के अधिकतर क्षेत्रों में शुक्रवार सुबह से ही मौसम सुहावना बना रहा।

 दिन भर तेज धूप खिलने से अधिकतम तापमान में फिर से उछाल दर्ज किया गया है। अधिकतम तापमान में एक से 11 डिग्री तक का उछाल आया है। सुंदरनगर के पारे में सबसे ज्यादा 11 डिग्री की वृद्धि हुई है। इसके अलावा भुंतर, शिमला में नौ डिग्री, नाहन, सोलन में आठ, डलहौजी, कांगड़ा व धर्मशाला में छह डिग्री, कल्पा व चंबा में चार डिग्री तक पारा चढ़ा है। तापमान में एक दिन के दौरान इतना उछाल आने से लोगों ने ठंड से कुछ राहत ली है। मौसम विभाग का पूर्वानुमान यदि सटीक बैठता है, तो आगामी दिनों के दौरान तापमान में और उछाल आने की संभावना जताई जा रही है। बीते 24 घंटों के दौरान राज्य में मौसम साफ बना रहा।

 राज्य में कहीं भी बारिश व बर्फबारी रिकॉर्ड नहीं हुई है। इससे न्यूनतम तापमान में एक से तीन डिग्री तक की बढ़ोतरी दर्ज हुई है। हालांकि कल्पा, केलांग व मनाली का तापमान अभी भी माइनस में ही चल रहा है, मगर शेष हिमाचल के पारे में उछाल आने से ठंड का प्रकोप कुछ कम हुआ है। मौसम विभाग के निदेशक डा. मनमोहन सिंह ने खबर की पुष्टि की है।

कुल्लू-मनाली की सैर पर सैलानी

कुल्लू। बर्फ की चांदी को देखने और इसके बीच अठखेलियां करने के लिए पर्यटक कुल्लू-मनाली की सैर पर निकल रहे हैं। पर्यटन नगरी मनाली में सीजन की पहली बर्फबारी होते ही यहां के पहाड़ बर्फ से लकदक हो गए हैं। वहीं, अब बर्फ की चांदी से चमकते यह पहाड़ अब बाहरी राज्यों के पर्यटकों को अपनी ओर आकर्षित कर रहे हैं। बर्फ से लकदक पहाड़ अब पर्यटकों को अपनी ओर खींच ले आ रहे हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App