अरुणाचल में हिमाचल का सपूत वतन पर कुर्बान, चीन से क्रॉस आपरेशन में पाई शहादत

By: सूरत पुंडीर/नाहन Nov 25th, 2020 6:00 pm

सूरत पुंडीर/नाहन

जिला सिरमौर के राजगढ़ क्षेत्र के गांव धार पजेरा का 22 वर्षीय जवान अंचित शर्मा अरुणाचल में एलएसी पर शहीद हुआ है।शहीद अंचित 21 डोगरा रेजीमेंट में तैनात था। शहीद की पार्थिव देह दो दिन बाद घर पहुंचने की उमीद है। जानकारी के मुताबिक सिरमौर जिला के राजगढ़ उपमंडल की बोहल टालिया पंचायत के धार पजेरा गांव का 22 वर्षीय अंचित अरूणाचल प्रदेश में एलएसी पर शहीद हो गया है। बताया जा रहा है कि 21 डोगरा यूनिट के जवान अरुणाचल प्रदेश में एलएसी पर माजा पोस्ट से जिलेमा पोस्ट की तरफ जा रहे थे। इसी बीच ऑपरेशन में सिपाही अंचित शर्मा देश पर कुर्बान हो गया। घटना बीते मंगलवार शाम पौने छह बजे की बताई जा रही है। इसके बाद परिवार को बीती रात ही बेटे की शहादत की जानकारी मिली। सूचना मिलने के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।

शहीद अंचित कुमार के परिजनों को बीती रात ही इस बारे में जानकारी मिल गई है। सुबह उनकी सैन्य अधिकारी से फोन पर भी बात हुई। उधर, सैनिक वैलफेयर बोर्ड सिरमौर के उपनिदेशक मेजर दीपक धवन ने जवान के शहीद होने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि इस बारे अधिकारिक सूचना मिल चुकी है। उन्होंने कहा कि 24 नवंबर की शाम आपरेशन के दौरान माजा पोस्ट से जिलेमा पोस्ट की तरफ जाते समय 21 डोगरा यूनिट का जवान शहीद हुआ है। 22 वर्षीय जवान के घर में पिता राजेश शर्मा, माता सुनीता शर्मा के अलावा 20 वर्षीय बहन नितिका शर्मा और दादा-दादी हैं।

उन्होंने बताया कि शहीद का पार्थिव शरीर 27 नवंबर तक डिब्रूगढ़ पहुंचाया जाएगा। इस बारे सेना के अधिकारियों से लगातार बातचीत चल रही है। इसके बाद पार्थिव देह को हवाई मार्ग से दिल्ली होते हुए चंडीगढ़ लाई जाएगी। जहां से पार्थिव देह पैतृक गांव पहुंचाया जाएगा।मेजर धवन बे बताया कि उपायुक्त की और से भी आवश्यक निर्देश मिल चुके है।उन्होंने कहा किवह लगातार सेना के अधिकारियों के संपर्क में है।उन्होंने कहा कि सारी व्यवस्था की जा रही है,तथा वह प्रभावित परिवार के बीच जाएंगे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App