किसान आंदोलन को कांग्रेस का समर्थन, कानून वापस ले केंद्र सरकार

By: सिटी रिपोर्टर—ऊना Nov 30th, 2020 12:06 am

ऊना –प्रदेश कांग्रेस पूरी तरह से किसानों के साथ है और किसान आंदोलन का समर्थन करती है। यह बात नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री ने एक प्रेस बयान में कही। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार किसान विरोधी बिल को वापस ले।  किसान आंदोलन कर रहे हैं और वे मोदी सरकार के कृषि विधेयकों पर स्थिति साफ  चाहते हैं।

बजट में सरकार ने जो चीजें लिखी नहीं, उसे लेकर शंका है। किसान के हितों को बड़े व्यापारियों के पास बेचने का षड्यंत्र रचा जा रहा है। भूमि किसान की और बिजाई व्यापारी की, ऐसा नहीं होना चाहिए। न्यूनतम समर्थन मूल्य, कृषि मंडियां खत्म न हों, इसके लिए कांग्रेस पार्टी आवाज उठा रही है और हमारा पूरा समर्थन किसानों के साथ है। किसानों के साथ धक्काशाही सहन नहीं होगी। हमारे प्रदेश से भी अनेक किसान इस आंदोलन में भाग ले रहे हैं। ऐसे में भाजपा इन किसानों को देश विरोधी करार देने का काम न करे। यह किसान हैं, उनकी बात सुनी जाए।

निर्णय बदलना सरकार की आदत

नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि निर्णय बदलना सरकार की आदत बन गई है। बिजली मीटर लगाने के लिए अधिक शुल्क वसूलने पर हम ने विरोध किया और इस विरोध के बाद अब सरकार ने इस पर यूटर्न लिया। प्रदेश में बिजली के बिल जिन पर सब्सिडी खत्म की गई है, उस पर भी सरकार को पुनर्विचार करते हुए जनता को राहत देनी चाहिए।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App