कोरोना से जिला में अब तक 150 मौतें

शिमला में कोविड से होने वाली मौतों में लगातार इजाफा होता जा रहा है। वीरवार को भी शिमला में कोरोना से 5 मरीजों की मौत हो गई है। नई मौतों के साथ शिमला में कोविड से होने वाली मौतों का आंकड़ा 150 हो गया है। शिमला की स्थिति दिन-प्रतिदिन खस्ता होती जा रही है। एक्टिव मरीजों की संख्या भी 2000 के पास पहुंच चुकी है। पूरे राज्य में शिमला जिला इस समय कोरोना का हॉट-स्पॉट बना हुआ है। जिसको लेकर सरकार को यहां पर नाइट कर्फ्यू भी लगाना पड़ा है। शिमला में पहली मौत कोटबढ़ के 56 साल के पुरुष की हुई है। इन्हें 24 को डीडीयू से आईजीएमसी रेफर किया गया था। बीपी के मरीज थे। सुबह साढ़े 11 बजे उपचार के दौरान इनकी मौत हो गई। दूसरी मौत शिमला शहर के ढली के रहने वाले 66 साल के पुरुष की हुई है। 24 को ये पॉजिटिव आए थे। इन्हें निमोनिया हो गया था। इसके अलावा अन्य बीमारियों से भी ग्रसित थे।

 देर रात को इन्होंने भी दम तोड़ दिया। तीसरी मौत किन्नौर के कल्पा के रहने वाले 53 साल के पुरुष की हुई है। ये पहले से ही कई बीमारियों से ग्रसित थे। इन्हें 17 को पॉजिटिव पाया गया था। देर रात को इन्होंने भी आईजीएमसी में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। चौथी मौत सोलन के कसौली के रहने वाले 52 साल के पुरुष की हुई है। ये आईजीएमसी के ऑर्थो वॉर्ड में 4 नवंबर से भर्ती  थे। यहीं पर किसी के संपर्क में आने से ये पॉजिटिव हो गए। 23 को इनकी कोविड की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। देर रात इन्होंने भी दम तोड़ दिया। पांचवीं मौत मंडी के तांदी की रहने वाली 50 साल की महिला की हुई है। 24 को आई थी पॉजिटिव किडनी, बीपी समेत अन्य कई बीमारियों से थी ग्रसित। सुबह करीब 11ः40 पर इसकी मौत हो गई।

जुब्बल कोटखाई में 11 नए रोगी

कोटखाई। जुब्बल कोटखाई में गुरूवार को 11 लोग संक्रमित पाए गए हैं। कोरोना संक्रमण की जांच के लिए 99 सैंपल लिए गए थे। इनमें से 11 मरीज पॉजिटिव पाए गए हैं, जिनमें से कोटखाई में छह कोरोना  पॉजिटिव मामले दर्ज हैं। इसके अलावा जुब्बल में पांच नए कोरोना  पॉजिटिव मामले दर्ज हुए हैं। यह जानकारी कोटखाई अस्पताल बीएमओ सनीश चौहान ने दी है।