बर्फीली हवाओं से कांपा डलहौजी

By: स्टाफ  रिपोर्टर- डलहौजी Nov 24th, 2020 12:21 am

बर्फबारी से गिरा तापमान, लोगों ने लिया आग का सहारा

डलहौजी-पर्यटन नगरी डलहौजी में पहाड़ों पर बर्फबारी के साथ ही ठंड ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। हवाओं के चलने से एक ओर जहां सुबह और रात का तापमान लगातार गिर रहा है। वहीं, दिन में भी बर्फीली हवा चलने कारण ठंडक बढ़ रही है। सोमवार को सुबह से डलहौजी में आसमान बादलों से घिरा रहा, जिससे तापमान में भी जोरदार गिरावट दर्ज की गई। इसके साथ दिनभर चली कडाके की शीतलहर ने लोगों की कंपकंपी छुड़ाए रखी।

सोमवार को दिन भर आसमान बादलों से ढके रहने के कारण सूर्यदेव के दर्शन तक नहीं हुए। शीतलहर से हर कोई ठिठुरता रहा। मौसम के इस रुख से लोगों की दिनचर्या भी प्रभावित हुई। अधिकांश लोग ठंड होने से घरों में दुबके रहे। दिनभर आसमान पर बादल छाए रहे और सर्द हवाएं चलती रहीं। ठंड से बचने के लिए लोगों को अलाव जलाने तक के लिए मजबूर होना पड़ा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App