फुटबाल के उस्ताद थे डिएगो माराडोना, महान प्लेयर के निधन पर पीएम नरेंद्र मोदी-गणमान्यों ने दी श्रद्धांजलि

By: दिव्य हिमाचल ब्यूरो— नई दिल्ली Nov 27th, 2020 12:06 am

फुटबाल के महान प्लेयर्स में से एक डिएगो मैराडोना का बुधवार को 60 साल की उम्र में निधन हो गया। मैराडोना गरीब परिवार में जन्मे थे। हालांकि, जो शोहरत, पैसा और मुकाम मैराडोना ने हासिल की, उसकी कोई खिलाड़ी बस कल्पना ही कर सकता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महान फुटबॉल खिलाड़ी डिएगो माराडोना के निधन पर शोक व्यक्त किया है। उन्होंने करिश्माई फुटबालर के निधन पर ट्वीट किया करके श्रद्धांजलि दी है। पीएम ने लिखा, डिएगो माराडोना फुटबाल के एक जादूगर थे, जिन्होंने वैश्विक लोकप्रियता का आनंद लिया।

 अपने पूरे करियर के दौरान उन्होंने हमें फुटबाल के मैदान पर कई बेहतरीन खेल के लम्हें दिए। उनके असामयिक निधन ने हम सभी को दुखी किया है। उनकी आत्मा को ईश्वर शांति दे। माराडोना का निधन बुधवार को राजधानी ब्यूनस आयर्स के उत्तरी बाहरी इलाके में टाइग्रे जिला में उनके घर पर हार्ट अटैक से हुआ। अर्जेंटीना की सरकार ने फुटबाल के महान खिलाड़ी डिएगो माराडोना के निधन पर तीन दिन के राष्ट्रीय शोक की घोषणा की है। राष्ट्रपति कार्यालय की ओर से ये जानकारी दी गई है। इसी के साथ कई अन्य गणमान्यों ने उन्हें श्रद्धांजलि दी।

खेल जगत में शोक की लहर

नई दिल्ली। क्रिकेट लीजेंड भारत के सचिन तेंदुलकर, भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड के अध्यक्ष सौरभ गांगुली, पुर्तगाल के महान फुटबॉलर क्रिस्टियानो रोनाल्डो और अर्जेंटीना के दिग्गज फुटबॉलर लियोनल मैसी ने फुटबॉल इतिहास के महानतम खिलाडि़यों में से एक अर्जेंटीना के डिएगो माराडोना के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। तेंदुलकर ने भी ट््वीट कर अर्जेंटीना में भगवान का दर्जा रखने वाले डिएगो माराडोना को श्रद्धांजलि दी। गांगुली ने ट््वीट कर माराडोना को याद किया। उन्होंने ट््वीट किया, मेरा हीरो अब नहीं रहा। रोनाल्डो ने ट््वीट कर माराडोना को अद्वितीय जादूगर बताया। उन्होंने ट्वीट किया, मैं अपने एक दोस्त को अलविदा कह रहा हूं। डिएगो माराडोना को उनके हमवतन और मैसी ने भी उन्हें श्रद्धांजलि दी है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App